० अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, गांव में मचा कोहराम
पिंड्राजोरा, बोकारो। पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के सिधावनी गांव के पास बोकारो-पुरुलिया मार्ग (NH-32) पर शुक्रवार रात करीब 11 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक ही मोटरसाइकिल पर सवार चार युवकों की मौत हो गई।
हादसे में मृतकों की पहचान आमाडीह गांव निवासी 17 वर्षीय बुलेट प्रमाणिक, 15 वर्षीय आनंद महतो, 17 वर्षीय डाक्टर महतो और 18 वर्षीय धना महतो के रूप में हुई है।टक्कर इतनी जोरदार थी कि चारों युवकों के सिर में गंभीर चोटें आईं और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मनसा पूजा के लिए घर आया था धना
बताया गया कि धना महतो बाहर रहकर रोजगार करता था और मनसा पूजा मनाने के लिए शुक्रवार को ही घर लौटा था। इसी दिन चारों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर बंगाल की ओर खाने-पीने के लिए गए थे।रात में वापस लौटने के दौरान सिधावनी के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
गांव में मचा कोहराम
घटना की सूचना मिलते ही पिंड्राजोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चारों को सदर अस्पताल, बोकारो ले गई। वहां चिकित्सकों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।
चार युवकों की एक साथ मौत की खबर मिलते ही आमाडीह गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।


