अनिल मालवीय, सीहोर। सीहोर जिले के अमलाहा टोल टैक्स के पास आज एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जहाँ तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। टोल प्लाजा के पास सड़क की नियमित सफाई में जुटे सफाईकर्मियों को एक बेकाबू ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भयानक दुर्घटना में चार मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

हादसे के बाद मची अफरा-तफरी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमलाहा टोल टैक्स के पास कुछ मजदूर सड़क किनारे सफाई कार्य कर रहे थे। इसी दौरान एक अनियंत्रित ट्रक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए सीधे सफाईकर्मियों को चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर काम कर रहे ट्रैक्टर और आसपास खड़े अन्य वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और भारी भीड़ एकत्र हो गई।

अस्पताल में उपचार जारी, स्थिति नाजुक

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहगीर तुरंत मदद के लिए आगे आए। सभी चारों घायल मजदूरों को आनन-फानन में एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m