सिरसा: हरियाणा के सिरसा जिले में जीवन नगर रोड पर स्थित रंधावा पैलेस के पास एक तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने एक महिला को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयानक था कि महिला का सिर बस के पिछले टायर के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सुबह-सुबह पसरा मातम
यह हादसा आज गुरुवार सुबह का है। ऐलनाबाद से वाया डबवाली रूट पर चलने वाली एक निजी बस सवारियों को लेकर जा रही थी। जैसे ही बस रंधावा पैलेस के पास पहुंची, वहां से गुजर रही एक महिला इसकी चपेट में आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि, टक्कर लगते ही महिला सड़क पर गिर गई और बस का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। हादसे में महिला का शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया है।
सवारियों में मची चीख-पुकार
हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। चालक ने बस को तुरंत रोक दिया, जिसके बाद बस में सवार यात्री नीचे उतर आए। सड़क से गुजरने वाले अन्य वाहन चालक भी रुक गए और घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें हादसे की भयावहता देखी जा सकती है।
पहचान की कोशिश में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुँची और शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने बताया कि अभी तक मृतका की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के गांवों और थानों में महिला का हुलिया साझा कर शिनाख्त की कोशिश कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया है।
डाइवर और बस पुलिस की हिरासत में
पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। चश्मदीदों का कहना है कि बस की रफ्तार काफी तेज थी। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह हादसा ड्राइवर की लापरवाही से हुआ या महिला अचानक बस के सामने आ गई थी। हादसे के कारण रोड पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही।

