० मोबाइल निकालने के प्रयास में हुआ हादसा, एमजीएम अस्पताल में शोक की लहर

जमशेदपुर। जमशेदपुर। डिमना लेक में गुरुवार रात एक दर्दनाक हादसे में एमजीएम अस्पताल के दो जूनियर डॉक्टरों की डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पानी में गिरा मोबाइल निकालने की कोशिश के दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और बाहर नहीं निकल सके। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, गोताखोर और अस्पताल प्रशासन मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।

मोबाइल निकालने के दौरान हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि मोबाइल निकालने के लिए डॉक्टर पानी में उतरे, लेकिन लेक की गहराई का अंदाजा नहीं होने के कारण दोनों डूबने लगे। देखते ही देखते हादसा इतना गंभीर हो गया कि दोनों की जान चली गई।

तीसरे डॉक्टर ने दी सूचना

घटना के समय साथ मौजूद डॉ. यश किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए। उन्होंने तत्काल एमजीएम अस्पताल प्रबंधन और पुलिस को घटना की सूचना दी।

गोताखोरों ने निकाले शव

सूचना मिलते ही पुलिस, अस्पताल के अधिकारी और अन्य डॉक्टर मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की मदद से दोनों डॉक्टरों के शवों को पानी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

इस हादसे के बाद एमजीएम अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों में गहरा शोक है। मृतक डॉक्टरों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।