सरायकेला। सरायकेला-खरसावां जिले के खरसावां प्रखंड के संतारी गांव में मंगलवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। घर में सो रहे दो सगे भाई-बहन को जहरीले सांप ने डस लिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है।

मृतकों की पहचान संतारी गांव निवासी सचिन जोंको के 11 वर्षीय बेटे शिवा जोंको और 13 वर्षीय बेटी सीमा जोंको के रूप में हुई है।

सुबह सोते समय सांप ने डसा

परिजनों के मुताबिक, दोनों बच्चे सोमवार रात घर के एक कमरे में सोए थे। मंगलवार सुबह करीब 5 बजे जहरीले सांप ने दोनों को डस लिया। दर्द होने पर बच्चों की नींद खुली और उन्होंने अपने माता-पिता को घटना की जानकारी दी।

ग्रामीणों को घटना की जानकारी करीब 11 बजे मिली। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चों को इलाज के लिए सरायकेला सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में दोनों ने दम तोड़ दिया।

बारिश में बढ़ा सर्पदंश का खतरा

बरसात के मौसम में इलाके में सर्पदंश की घटनाएं बढ़ रही हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक, बारिश के कारण सांपों के बिलों में पानी भर जाता है, जिसके चलते वे सूखी और सुरक्षित जगह की तलाश में घरों में घुस जाते हैं।

चिकित्सकों का कहना है कि सांप के काटने के बाद मरीज को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाना बेहद जरूरी है। समय पर उपचार और एंटी-वेनम मिलने से जान बचाई जा सकती है, जबकि इलाज में देरी जानलेवा साबित हो सकती है।