० मछली खरीदने जा रहे थे तीनों युवक, खरका पुल के पास तेज रफ्तार बाइक हुई अनियंत्रित
गुमला। झारखंड के गुमला सदर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक ने समय रहते बाइक से छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली। हादसा खरका पुल के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पुल से नीचे जा गिरी।
मृतकों की पहचान 25 वर्षीय मंगरा उरांव और 24 वर्षीय चरकू उरांव, दोनों निवासी बड़काडीह गांव, के रूप में हुई है। वहीं, बाइक पर सवार सूरज उरांव ने हादसे से ठीक पहले छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। उसे मामूली चोटें आई हैं।
मछली खरीदने निकले थे तीनों युवक
जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर बड़काडीह की ओर जा रहे थे। रास्ते में मंगरा उरांव ने मछली खाने की इच्छा जताई, जिसके बाद वे खरका इलाके में मछली खरीदने के लिए निकल पड़े। इसी दौरान खरका पुल के पास बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे पुल से नीचे जा गिरी।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे में मंगरा उरांव और चरकू उरांव की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। इस हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।


