हरियाणा के गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में चाचा और भतीजे की मौत हो गई। दोनों स्कूटी से बरेली जा रहे थे। इसी दौरान मंगलवार सुबह सेक्टर-99 के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
पिता के निधन के बाद भतीजे के साथ बरेली जा रहा था शहादत
मृतकों की पहचान 32 वर्षीय शहादत अली और उसके 10 वर्षीय भतीजे अमजद के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, शहादत के पिता का सोमवार रात निधन हो गया था। पिता की मौत की खबर मिलने के बाद शहादत अपने भतीजे के साथ स्कूटी से बरेली के लिए रवाना हुआ था।
हालांकि, घर पहुंचने से पहले ही दोनों एक सड़क हादसे का शिकार हो गए। पिता के निधन के बाद परिवार को शहादत और अमजद की मौत की खबर मिलने से दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
वजीरपुर में किराए पर रहता था शहादत अली
परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, शहादत अली करीब दो साल पहले काम की तलाश में गुरुग्राम आया था। वह वजीरपुर इलाके में किराए के मकान में रहता था और अपने एक रिश्तेदार के स्क्रैप कारोबार में काम करता था।
द्वारका एक्सप्रेसवे पर अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
यह हादसा मंगलवार सुबह गुरुग्राम के सेक्टर-99 में द्वारका एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर हुआ। टक्कर मारने के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर सेक्टर-93 चौकी पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों और वाहन की पहचान करने में जुटी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

