जमशेदपुर। एमजीएम थाना क्षेत्र के NH-33 पर पिपला पुल के पास गुरुवार तड़के करीब 4 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।हादसे में कार सवार एक युवती समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

चाईबासा की युवती समेत दो की मौत

मृतकों की पहचान चाईबासा के जामदा निवासी सीसीर दुम्बी चातोंबा उर्फ डिम्पी चातोंबा (22) और नामदा बस्ती, गोलमुरी निवासी सुरजीत सिंह के रूप में हुई है।वहीं घायलों की पहचान गोलमुरी नामदा बस्ती निवासी गुरुदेव सिंह उर्फ राहुल और चाईबासा के जटेंया निवासी सुनीता तुबिद के रूप में हुई है।हादसे के वक्त एमजीएम थाना पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया।दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेजे गए हैं।

दोनों घायलों की हालत गंभीर

घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद गुरुदेव सिंह को रिम्स, रांची रेफर किया गया, जबकि सुनीता तुबिद का इलाज टीएमएच, जमशेदपुर में चल रहा है। दोनों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।