ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो ने अपनी बहुप्रतीक्षित कॉमेडी-ड्रामा सीरीज ‘आदर्श बाल विद्यालय’ (Adarsh Baal Vidyalaya) का नया ट्रेलर रिलीज कर दिया है. ट्रेलर में एक ऐसे सरकारी स्कूल की झलक दिखाई गई है, जहां हर दिन नई चुनौती, नया हंगामा और ढेर सारी मस्ती देखने को मिलती है. सीमित संसाधनों और रोजमर्रा की परेशानियों के बीच स्कूल के हेडमास्टर और उनकी टीम बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए लगातार संघर्ष करते नजर आते हैं. हल्के-फुल्के हास्य और भावनात्मक पलों से भरपूर यह सीरीज दर्शकों को स्कूल के दिनों की यादें ताजा कराने का वादा करती है.

ट्रेलर में क्या दिखा

ट्रेलर की शुरुआत ‘आदर्श बाल विद्यालय’ (Adarsh Baal Vidyalaya) से होती है, जहां नियम-कायदे अपने अंदाज में चलते हैं और हर दिन कुछ नया देखने को मिलता है. कहानी के केंद्र में हैं ज्ञानेश्वर त्रिपाठी, जिनका किरदार दिग्गज अभिनेता केके मेनन निभा रहे हैं. शांत स्वभाव के बावजूद ज्ञानेश्वर अपनी सूझबूझ और अनोखे तरीकों से स्कूल को संभालते हैं. हालांकि कहानी में बड़ा मोड़ तब आता है, जब उन्हें पता चलता है कि दिल्ली के बोर्ड परीक्षा में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 10 स्कूलों के हेडमास्टर्स को कैम्ब्रिज जाने का मौका मिलेगा. इसके बाद वह अपने स्कूल को बेहतर बनाने के मिशन में जुट जाते हैं. ट्रेलर में अलग-अलग स्वभाव वाले टीचर्स, शरारती लेकिन होनहार छात्र, जरूरत से ज्यादा उत्साहित अभिभावक और स्कूल की रोजमर्रा की चुनौतियों को बेहद मनोरंजक अंदाज में दिखाया गया है. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या ज्ञानेश्वर त्रिपाठी अपने स्कूल को दिल्ली के टॉप स्कूलों में शामिल करा पाएंगे या फिर यह सफर उनके लिए नई मुश्किलें खड़ी करेगा.

स्टारकास्ट है जबरदस्त

सीरीज के निर्देशक हिमांक गौर का कहना है कि ‘आदर्श बाल विद्यालय’ (Adarsh Baal Vidyalaya) हर उस इंसान से जुड़ती है जिसने कभी स्कूल की जिंदगी जी है. उनके मुताबिक, इसमें दोस्ती, शरारत, शिक्षकों का अपनापन और क्लासरूम की वे यादें शामिल हैं जो जिंदगीभर साथ रहती हैं. उन्होंने कहा कि बिस्वपति सरकार और समीर सक्सेना के विजन को पर्दे पर उतारना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा. साथ ही केके मेनन, अर्चना पूरन सिंह और युवा कलाकारों की टीम ने हर दृश्य में वास्तविकता और ऊर्जा भरने का काम किया है.

वहीं, केके मेनन ने बताया कि उन्होंने अपने करियर में इंटेलिजेंस ऑफिसर, राजनेता और अपराधी जैसे कई किरदार निभाए हैं, लेकिन पहली बार किसी हेडमास्टर की भूमिका निभाने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि स्क्रिप्ट पढ़ते ही यह किरदार उन्हें बेहद अलग और दिलचस्प लगा. ज्ञानेश्वर त्रिपाठी एक ऐसा व्यक्ति है जो आम जिंदगी से जुड़ा हुआ महसूस होता है और यही बात उन्हें इस भूमिका की ओर खींच लाई. पोशम पा पिक्चर्स के बैनर तले बनी इस सात एपिसोड की कॉमेडी-ड्रामा सीरीज को बिस्वपति सरकार, अक्षय अस्थाना, नूपुर पाई, तत्सत पांडे और मेघना श्रीवास्तव ने लिखा है. हिमांक गौर ने इसका निर्देशन किया है, जबकि समीर सक्सेना और बिस्वपति सरकार इसके क्रिएटर और एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर हैं. सीरीज में केके मेनन और अर्चना पूरन सिंह के अलावा अभिमन्यु सिंह, नवीन कस्तूरिया, प्रसन्ना बिष्ट, देवेन भोजानी, अजितेश गुप्ता, अन्नपूर्णा सोनी और प्राची शाह भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. इस शो का प्रीमियर 24 जुलाई को प्राइम वीडियो पर होगा. यह सीरीज हिंदी भाषा में भारत समेत 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में अंग्रेजी सबटाइटल्स के साथ स्ट्रीम की जाएगी.