आस्था, सेवा और आध्यात्मिक चेतना से जुड़े संत बाबा नीम करौरी के जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ (Hanuman Ansh) का ट्रेलर रिलीज हो गया है. शनिवार यानी आज टाइम्स म्यूजिक के यूट्यूब चैनल पर जारी किए गए इस ट्रेलर ने रिलीज होते ही दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है. फिल्म में बाबा नीम करौरी के जीवन, उनके चमत्कारों, सेवा भाव और आध्यात्मिक संदेशों को सिनेमाई अंदाज में प्रस्तुत किया गया है.अभिनेता शोभिना सत्या इस फिल्म में बाबा नीम करौरी की मुख्य भूमिका निभा रहे हैं, जबकि निर्देशन की जिम्मेदारी विशाल चतुर्वेदी ने संभाली है.

ट्रेलर में क्या है
करीब तीन मिनट के ट्रेलर की शुरुआत साल 1930 के उत्तर भारत के परिवेश से होती है. सुबह-सुबह एक घबराया हुआ व्यक्ति स्टेशन हाउस ऑफिसर (एसएचओ) के घर पहुंचकर कहता है, “साहब, भूत!” इस पर एसएचओ मजाकिया अंदाज में जवाब देता है, “सुबह-सुबह भांग खाकर आए हो क्या?” लेकिन वह व्यक्ति दोबारा कहता है, “साहब, वो आदमी नहीं… भूत है.” इसके बाद पहली बार बाबा नीम करौरी के रूप में शोभिना सत्या की झलक सामने आती है और यहीं से कहानी रहस्य और आध्यात्मिकता के साथ आगे बढ़ती है.
ट्रेलर में बाबा से जुड़ी सबसे चर्चित घटनाओं में से एक को भी दिखाया गया है. रेलवे कर्मचारी बाबा को चलती ट्रेन से नीचे उतार देते हैं, लेकिन जैसे ही वह ट्रेन आगे बढ़ने की कोशिश करती है, वह पूरी तरह रुक जाती है. काफी प्रयासों के बावजूद ट्रेन अपनी जगह से नहीं हिलती. वहीं दूसरी ओर बाबा शांत भाव से कहते हैं, “ठीक है बेटा, हम तो बहता पानी हैं, कहीं भी रम जाएंगे… सीता राम.” यह दृश्य बाबा से जुड़े प्रसिद्ध प्रसंग को बड़े पर्दे पर जीवंत करने की कोशिश करता है.
आध्यात्मिक यात्रा दिखी
इसके बाद ट्रेलर बाबा नीम करौरी की आध्यात्मिक यात्रा की ओर बढ़ता है. इसमें दिखाया गया है कि उन्होंने सांसारिक जीवन से आध्यात्मिक मार्ग की ओर कैसे कदम बढ़ाया, उनके फैसले पर परिवार की क्या प्रतिक्रिया रही और उनकी पत्नी ने उस समय क्या कहा. धीरे-धीरे बाबा के अनुयायियों की संख्या बढ़ती है और लोग उन्हें केवल संत ही नहीं, बल्कि संकटमोचक के रूप में देखने लगते हैं. ट्रेलर में यह संदेश भी उभरकर आता है कि जिसने बाबा की शरण ली, वह कठिन से कठिन परिस्थिति से भी बाहर निकल सकता है.
मानवीय और सामाजिक संदेश भी
फिल्म केवल चमत्कारों तक सीमित नहीं है, बल्कि बाबा के मानवीय और सामाजिक संदेशों को भी प्रमुखता से प्रस्तुत करती है. एक दृश्य में वह जंगल से गुजर रहे डरे हुए लोगों से कहते हैं, “हनुमान चालीसा पढ़ते हो, फिर भी डरते हो?” वहीं एक अन्य संवाद में वह सेवा और दान का वास्तविक अर्थ समझाते हुए कहते हैं, “भगवान को सोने का चढ़ावा नहीं चाहिए, चाहिए तो बस उनके भक्तों को प्रसाद मिले और भूखों को भोजन.” ट्रेलर के अंत में बाबा का भावुक विदाई दृश्य भी दिखाया गया है, जहां वह कहते हैं, “हनुमान जी को छोड़कर जा रहे हैं, ध्यान रखना उनका.”
कब होगी रिलीज
फिल्म ‘हनुमान अंश’ (Hanuman Ansh) में शोभिना सत्या के अलावा विहान एस. हेगड़े, चंदन आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल के. रस्तोगी और गुलशन पांडे भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे. आध्यात्मिक विषय पर बनी यह फिल्म बाबा नीम करौरी के जीवन के साथ-साथ उनकी शिक्षाओं और मानव सेवा के संदेश को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास करती है. ट्रेलर को दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है और अब फिल्म की रिलीज का इंतजार किया जा रहा है. ‘हनुमान अंश’ (Hanuman Ansh) 31 जुलाई को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी.

