कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। ट्रेन के फर्स्ट AC कोच में सफर कर रहे 78 वर्षीय बुजुर्ग यात्री की नाक चूहे द्वारा कुतरने का मामला सामने आया है। घटना चंडीगढ़ से इंदौर आ रही ऊना-इंदौर एक्सप्रेस की बताई जा रही है। ट्रेन में सफर कर रहे सेवानिवृत्त अधिकारी एचपी करण रात के समय फर्स्ट AC कोच में सो रहे थे। इसी दौरान चूहे ने उनकी नाक पर काट लिया, जिससे वह घायल हो गए।

घटना के बाद ट्रेन में मौजूद यात्रियों में भी हैरानी का माहौल रहा। इंदौर पहुंचने के बाद परिजन बुजुर्ग यात्री को इलाज के लिए निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच के बाद रेबीज से बचाव के लिए उन्हें इंजेक्शन लगाया।

फर्स्ट AC जैसे प्रीमियम कोच में यात्री की नाक चूहे द्वारा काटे जाने की घटना ने रेलवे की साफ-सफाई और रखरखाव की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित यात्रा सुविधा देने के दावों के बीच इस तरह की घटना रेलवे की व्यवस्थाओं पर चिंता पैदा करती है।

फिलहाल घटना को लेकर रेलवे की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ ट्रेन के कोचों में चूहों की मौजूदगी रोकने के लिए की जा रही व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठ रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m