कुंदन कुमार, पटना। छात्र नेता दिलीप कुमार की अगुवाई में आज 18 अगस्त (मंगलवार) से राजधानी पटना के गर्दनीबाग धरना स्थल पर छात्र न्याय सत्याग्रह आंदोलन की शुरुआत की गई है। यह आंदोलन मुख्य रूप से TRE-4 के जरिए होने वाली शिक्षक भर्ती के लिए विज्ञापन जारी करने समेत अन्य मांगों को लेकर किया जा रहा है। इसमें शिक्षा मंत्री का इस्तीफा भी शामिल है। सरकार जल्द से जल्द विज्ञापन जारी कर TRE-4 की परीक्षा कराए इसकी मांग की जा रही है।

सरकार को दिया 24 घंटे का समय

छात्र नेता दिलीप कुमार ने कहा कि, सरकार लगातार अपना बयान बदल रही है और अभी तक बीपीएससी नियुक्ति के लेकर आवेदन आमंत्रित नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि, सरकार 24 घंटे के अंदर टीआरई-4 का विज्ञापन करे वर्ना हम लोग शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की भी मांग करेंगे। शिक्षा मंत्री (मिथिलेश तिवारी) जो दावा कर रहे थे। वो फेल हो गया है। दूसरी बात अब शिक्षक को दो-दो परीक्षा लेकर बहाली करने की बात सामने आ रही है, जो कि गलत है। सरकार एक परीक्षा ले और उसी आधार पर शिक्षक की बहाली हो। यही हमारी मांग है। उन्होंने कहा कि, सरकार जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं करती है, तब तक हमारा धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।

TRE 4 समेत इन भर्तियों को लेकर भी मांग

आपका बता दें कि छात्र नेता दिलीप कुमार के नेतृत्व में TRE 4 शिक्षक भर्ती के अलावा BSSC, लाइब्रेरियन, दरोगा और सिपाही भर्ती की मांग लेकर यह बड़ा आंदोलन किया जा रहा है। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि सरकार उनकी इन मांगों पर कोई ठोस फैसला नहीं लेती है, तो इस आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने विधानसभा का घेराव करने तक की चेतावनी दी है।

सरकार पर गुमराह करने का आरोप

छात्र नेता दिलीप कुमार के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि सरकार उन्हें गुमराह कर रही है। छात्रों का कहना है कि वे लंबे समय से TRE-4 को लेकर विज्ञापन जारी करने की मांग कर रहे हैं। इसके बावजूद भर्ती का विज्ञापन जारी नहीं किया जा रहा है, जिससे अभ्यर्थियों में काफी नाराजगी देखने को मिल रहा है। अभ्यर्थियों ने यह भी दावा किया है कि बड़ी संख्या में पद खाली हैं, ऐसे में सरकार को बिना देरी की भर्ती की प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए।

आपको बता दें कि इस आंदोलन TRE 4 अभ्यर्थियों के अलावा BSSC, लाइब्रेरियन, दरोगा और सिपाही भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी भी शामिल हैं।

46,595 पदों पर होनी है भर्ती

आपको बता दें कि TRE-4 के तहत कुल 46,595 पदों पर शिक्षकों की भर्ती होनी है। इसके लिए प्रस्ताव फरवरी में ही BPSC को भेजी गई थी, जिसे शिक्षा विभाग ने संशोधित कर वार्षिक कैलेंडर में भी शामिल किया। लेकिन आवेदन प्रक्रिया को लेकर कोई सूचना अभी तक नहीं जारी की गई।

इस भर्ती प्रक्रिया में पहली बार डोमिसाइल नीति लागू की जानी है। कक्षा 1 से 12 तक के शिक्षकों के अलावा विभिन्न कल्याण विभागों में भी नियुक्तियां होनी है। TRE-1, TRE-2 और TRE-3 के जरिए बीते दो सालों में लगभग 2.27 लाख शिक्षकों की नियुक्ति पहले ही की जा चुकी है।

ये भी पढ़ें- संजय झा ने तेजस्वी को बताया ‘पार्ट टाइम पॉलिटिशियन’, राजभवन मार्च पर दी ये नसीहत