बोकारो। झारखंड के बोकारो जिले में बुधवार सुबह दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। नावाडीह थाना क्षेत्र के कुकुरलीलवा गांव में एक सनकी पड़ोसी ने दिनदहाड़े एक ही परिवार के तीन लोगों की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई, जबकि पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
बोकारो जिले के नावाडीह थाना क्षेत्र से करीब ढाई किलोमीटर दूर स्थित कुकुरलीलवा गांव में बुधवार सुबह करीब 8 बजे एक सनकी युवक ने खूनी तांडव मचा दिया। आरोपी ने एक ही परिवार के तीन लोगों की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी।
मृतकों में जानकी महतो, उनकी पत्नी और उनकी बहू शामिल हैं। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
एक-एक कर तीन लोगों पर किया हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी राजू सिंह ने सबसे पहले वृद्ध महिला पर कुल्हाड़ी से हमला किया। पत्नी को बचाने पहुंचे जानकी महतो पर भी उसने गर्दन और सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद बीच-बचाव करने पहुंची बहू पर भी उसने बेरहमी से हमला कर दिया, जिससे उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के सामने बहू पर किया हमला
स्थानीय लोगों के मुताबिक, जब बहू धान का बिचड़ा लेकर खेत जा रही थी, तभी आरोपी ने घर के बाहर सड़क पर उस पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि बहू पर हमला पुलिस की मौजूदगी में हुआ, हालांकि इस पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से नहीं की गई है।
आरोपी पहले भी कर चुका है हिंसक हरकत
ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी राजू सिंह मानसिक रूप से अस्थिर बताया जाता है। उसने पहले भी अपने परिजनों के साथ मारपीट की थी। बीते सप्ताह उसने अपनी पत्नी की भी बेरहमी से पिटाई की थी, जो फिलहाल अस्पताल में भर्ती है।
पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। आरोपी राजू सिंह को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है।


