Lifestyle Desk – आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में भूख लगते ही लोग फूड डिलीवरी ऐप्स से खाना मंगाने, ऑफिस कैंटीन से चिप्स-बिस्किट खरीदने या घर पर झटपट मैगी और ब्रेड पिज्जा बनाकर खाने की आदत अपना लेते हैं. कई लोगों को दिनभर कुछ न कुछ खाने की इच्छा होती रहती है, वहीं मीठा खाने की क्रेविंग भी बार-बार परेशान करती है. हालांकि, ऐसी आदतें लंबे समय में सेहत पर नकारात्मक असर डाल सकती हैं.

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, प्रोसेस्ड और अनहेल्दी स्नैक्स में कैलोरी, रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट, चीनी और सोडियम की मात्रा अधिक होती है. इनका नियमित सेवन वजन बढ़ाने, ऊर्जा स्तर में उतार-चढ़ाव और कई स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकता है. ऐसे में जरूरी है कि मंचिंग और शुगर क्रेविंग को नियंत्रित करने के लिए हेल्दी विकल्पों को अपनाया जाए. आइए जानते इसके बारे में विस्तार से.
क्यों होती है शुगर क्रेविंग?
विशेषज्ञ बताते हैं कि पर्याप्त नींद न लेना, लंबे समय तक खाली पेट रहना, तनाव और असंतुलित आहार शुगर क्रेविंग को बढ़ा सकते हैं. जब शरीर को पर्याप्त पोषण नहीं मिलता, तब वह तुरंत ऊर्जा देने वाले खाद्य पदार्थों की मांग करता है, जिससे मीठा खाने की इच्छा बढ़ जाती है.
हेल्दी स्नैक्स जो बन सकते हैं बेहतर विकल्प
फल और नट्स का कॉम्बिनेशन सेब, केला, अमरूद या पपीते जैसे फलों के साथ बादाम, अखरोट या पिस्ता का सेवन करें. यह फाइबर, विटामिन और हेल्दी फैट का अच्छा स्रोत है, जो लंबे समय तक पेट भरा रखने में मदद करता है.
रोस्टेड मखाना मखाना लो-कैलोरी और हाई-फाइबर स्नैक माना जाता है. हल्के मसालों के साथ भुना हुआ मखाना शाम की भूख को शांत करने का बेहतरीन विकल्प हो सकता है.
ग्रीक योगर्ट या दही दही में मौजूद प्रोटीन और प्रोबायोटिक्स पाचन को बेहतर बनाते हैं. इसमें ताजे फल मिलाकर खाने से मीठा खाने की इच्छा भी कम हो सकती है.
चिया सीड्स और सीड मिक्स चिया, फ्लैक्स सीड्स और कद्दू के बीज पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं. इन्हें स्मूदी, दही या सलाद में शामिल किया जा सकता है.
डार्क चॉकलेट अगर मीठा खाने की तीव्र इच्छा हो रही है, तो सीमित मात्रा में डार्क चॉकलेट का सेवन किया जा सकता है. इसमें एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं और यह सामान्य मिठाइयों की तुलना में बेहतर विकल्प मानी जाती है.
कैसे कम करें बेवजह मंचिंग?
दिनभर पर्याप्त पानी पीना, हर 3-4 घंटे में संतुलित भोजन लेना और प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थों को डाइट में शामिल करना मंचिंग की आदत को कम करने में मदद कर सकता है. इसके अलावा, पर्याप्त नींद और नियमित शारीरिक गतिविधि भी शुगर क्रेविंग को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है.

