पीलीभीत में ट्रक चालक बलजिंदर सिंह की जलकर हुई मौत के मामले में पुलिस ने उसकी प्रेमिका अमनदीप कौर को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, प्रेम संबंध खत्म करने के विवाद में रॉड से हमला करने के बाद ट्रक में डीजल डालकर आग लगाई गई थी.
पीलीभीत. जिले में पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के असम हाईवे पर हरदोई ब्रांच नहर पुल के पास ट्रक चालक बलजिंदर सिंह की जलकर हुई मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस के मुताबिक, प्रेम संबंध खत्म करने को लेकर हुए विवाद में उसकी प्रेमिका अमनदीप कौर ने ट्रक की केबिन में लोहे की रॉड से उसके सिर पर वार किया और बेहोश होने के बाद डीजल डालकर आग लगा दी.
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने घटना को सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की. इसके बाद वह हाईवे से गुजर रहे एक वाहन में बैठकर अपने मायके चली गई. मामले में पुलिस ने रामपुर जिले के बिलासपुर क्षेत्र निवासी अमनदीप कौर उर्फ अमना को गिरफ्तार किया है.
हादसे से हत्या तक
एसपी सुकीर्ति माधव के मुताबिक, रामपुर जिले के बिलासपुर क्षेत्र के गांव बड़ा बोसेना निवासी बलजिंदर सिंह रुद्रपुर, उत्तराखंड से फोम लदा ट्रक लेकर नेपाल बॉर्डर की ओर जा रहा था. 10 जुलाई को पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र में हरदोई ब्रांच नहर पुल के पास ट्रक की केबिन में उसका जला हुआ शव मिला था.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की पुष्टि हुई थी. बिसरा सुरक्षित रखा गया था. शुरुआती जांच में पुलिस और अग्निशमन विभाग ने घटना को हादसा माना था, लेकिन बलजिंदर के परिवार ने परिस्थितियों पर संदेह जताते हुए हत्या की आशंका जाहिर की.
परिजनों ने घटना से पहले की सीसीटीवी फुटेज जुटाकर पुलिस को दी. इसके बाद जांच को नए सिरे से आगे बढ़ाया गया. घटना के 14 दिन बाद बलजिंदर के भाई गुरमीत सिंह की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया.
CCTV से मिला सुराग
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो पता चला कि ट्रक गुरुद्वारे से निकलने के करीब एक घंटे बाद लगभग एक किलोमीटर दूर आग की चपेट में आया था. इसके बाद पुलिस ने बलजिंदर के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगालनी शुरू की.
जांच में एक महिला से कई बार बातचीत सामने आई. पुलिस ने महिला से पूछताछ की तो मामले की कड़ियां जुड़ने लगीं. पुलिस के अनुसार, इसी जांच के आधार पर अमनदीप कौर तक पहुंच हुई.
दो मोबाइल नंबरों ने खोला राज
पुलिस ने मृतक के बारे में जानकारी जुटाने के साथ उसके मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल खंगाली. पहले नंबर से जांच में कोई खास सुराग नहीं मिला. इसके बाद जांच का दायरा बढ़ाने पर पता चला कि बलजिंदर एक दूसरे मोबाइल नंबर का भी इस्तेमाल करता था.
दूसरे नंबर की कॉल डिटेल में एक नंबर से नियमित और काफी अधिक बातचीत सामने आई. पुलिस ने उस नंबर को ट्रेस किया तो घटना वाले दिन और घटनास्थल के आसपास उसकी लोकेशन मिलने की जानकारी सामने आई. इसके बाद पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और रामपुर जिले के बिलासपुर थाना क्षेत्र के बड़ा बरसाना गांव निवासी अमनदीप कौर उर्फ अमना पत्नी सुखविंदर सिंह तक पहुंची.
तीन साल से था प्रेम संबंध
पुलिस के मुताबिक, बलजिंदर सिंह और अमनदीप कौर के बीच करीब तीन साल से प्रेम संबंध थे. अमनदीप संबंध खत्म करना चाहती थी, जबकि बलजिंदर उस पर संबंध बनाए रखने का दबाव बना रहा था. पुलिस के अनुसार, इसी विवाद के चलते अमनदीप ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई.
अमनदीप का मायका पीलीभीत के गजरौला थाना क्षेत्र के पिपरिया गांव में है. घटना से पहले वह अपने मायके आई थी. उसने परिजनों को सहेली से मिलने के लिए पूरनपुर जाने की बात बताई और वहां से घटनास्थल पर पहुंच गई.
पुलिस के अनुसार, ट्रक के वहां पहुंचने के बाद दोनों के बीच केबिन में विवाद हुआ. इसी दौरान अमनदीप ने केबिन में रखी लोहे की रॉड से बलजिंदर के सिर पर वार कर दिया. उसके बेहोश होने के बाद आरोपी ने केबिन में रखी पिपिया से डीजल डालकर आग लगा दी.
पुलिस का कहना है कि आग लगाने का मकसद घटना को सड़क हादसे जैसा दिखाना था. इसके बाद अमनदीप हाईवे से गुजर रहे एक वाहन में बैठकर वापस अपने मायके चली गई.
आरोपी गिरफ्तार, सामान बरामद
पुलिस ने अमनदीप कौर उर्फ अमना को गिरफ्तार कर लिया है. उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लोहे की रॉड और डीजल रखने वाली खाली प्लास्टिक की पिपिया बरामद की गई है.
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.


