तनवीर खान, मैहर। मध्य प्रदेश के मैहर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। सीमेंट कारखाने से क्लिंकर भरकर उत्तर प्रदेश जा रहा एक अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे खड़ी बस से जा टकराया। इस भीषण हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गनीमत यह रही कि बस के यात्री बाल-बाल बच गए।

रास्ते में अचानक चालक की तबीयत बिगड़ गई

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे मैहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत रामवन पथ गमन मार्ग पर उमरी पैला के पास हुआ। सीमेंट कारखाने से क्लिंकर लोड करके ट्रक उत्तर प्रदेश के रायबरेली की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि रास्ते में अचानक चालक की तबीयत बिगड़ गई, जिसके कारण उसका वाहन से नियंत्रण छूट गया और बेकाबू ट्रक सड़क किनारे खड़ी एक बस से जोरदार भिड़ंत हो गया। ट्रक चालक मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के रायबरेली निवासी 33 वर्षीय नीरज सिंह के रूप में हुई है।

पंचर सुधार रही बस से हुई टक्कर

जिस बस से ट्रक की टक्कर हुई, वह बस चित्रकूट से आँखों का इलाज करवाकर लौट रहे यात्रियों को लेकर डिंडौरी की ओर जा रही थी। रास्ते में बस का पहिया पंचर हो जाने के कारण चालक गाड़ी को सड़क किनारे खड़ा कर उसका पहिया बदलने का काम कर रहा था और सभी यात्री सड़क किनारे नीचे बैठे हुए थे। इसी दौरान पीछे से आए अनियंत्रित ट्रक ने बस को टक्कर मार दी।

हार्ट अटैक की आशंका

हादसे के बाद मौके पर मौजूद बस यात्री संजय साहू ने बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद जब उन्होंने ट्रक के पास जाकर देखा, तो चालक के मुंह से झाग निकल रहा था। इसे देखकर यह कयास लगाए जा रहे हैं कि वाहन चलाते समय चालक को अचानक दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पड़ा होगा। हालांकि, मौत के असल कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m