अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से ईरान के बिजली संयंत्रों और पुलों को निशाना बनाने की धमकी के बाद तेहरान ने भी कड़ा जवाब देने की चेतावनी दी है। एक वरिष्ठ ईरानी सैन्य अधिकारी ने कहा है कि अगर अमेरिका ने ईरान के बुनियादी ढांचे पर हमला किया, तो इसका जवाब पूरे खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी हितों से जुड़े ठिकानों को निशाना बनाकर दिया जाएगा।
ईरान ने अमेरिका को दी कड़ी चेतावनी
तसनीम न्यूज एजेंसी से बातचीत में ईरानी सैन्य अधिकारी ने कहा कि यदि अमेरिका किसी ईरानी पुल या पावर प्लांट पर हमला करता है, तो ईरान खाड़ी क्षेत्र में बुनियादी ढांचे और पुलों को निशाना बनाकर जवाब देगा। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका के हितों से जुड़ी ऊर्जा सुविधाएं भी संभावित निशाने पर होंगी।
अधिकारी के मुताबिक, पिछले 10 दिनों की घटनाओं के बाद अमेरिका को यह समझ लेना चाहिए कि ईरान अपनी पसंद के किसी भी स्थान पर हमला करने की क्षमता रखता है। उन्होंने ट्रंप को चेतावनी दी कि ऐसा कोई कदम न उठाया जाए, जिससे बाद में उन्हें शर्मिंदगी का सामना करना पड़े। हालांकि, एजेंसी ने अधिकारी का नाम और पद सार्वजनिक नहीं किया है।
ट्रंप ने क्या कहा था?
डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ पर चेतावनी देते हुए कहा था कि यदि ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य में किसी जहाज पर मिसाइल, रॉकेट, ड्रोन या किसी अन्य हथियार से हमला करता है, तो अमेरिका जवाबी कार्रवाई में एक पुल या पावर प्लांट को नष्ट कर सकता है। उन्होंने संकेत दिया कि इसमें तेहरान या उसके आसपास स्थित ठिकाने भी शामिल हो सकते हैं।
होर्मुज जलडमरूमध्य में बढ़ा तनाव
अमेरिका-ईरान तनाव के बीच रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य में भी स्थिति गंभीर होती जा रही है। ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने दावा किया कि उसने जलडमरूमध्य पार करने की कोशिश कर रहे तीन तेल टैंकरों को रोका। इनमें से एक में विस्फोट होने की बात कही गई, जबकि दो अन्य वापस लौट गए।
इस बीच, अमेरिकी सेना ने ईरानी बंदरगाहों और सैन्य ठिकानों पर हमले जारी रखे हैं। पश्चिमी ईरान के अहवाज़, रामशीर और अंदीमेशक के आसपास भी धमाकों की खबर सामने आई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


