डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि ईरान ने अमेरिका से बातचीत जारी रखने की अपील की है। वहीं ईरान ने इज़राइल को किसी भी हमले पर करारा जवाब देने की चेतावनी दी। कतर दोनों देशों के बीच वार्ता बहाल कराने की कोशिश में जुटा है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड जे. ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर दावा किया है कि ईरान ने अमेरिका से बातचीत जारी रखने का अनुरोध किया है, जिसे वॉशिंगटन ने स्वीकार कर लिया है। हालांकि ट्रंप ने स्पष्ट किया कि अमेरिका ने तेहरान को यह भी बता दिया है कि युद्धविराम (Ceasefire) अब समाप्त हो चुका है।

इज़राइल को ईरान की सख्त चेतावनी

अमेरिका और इज़राइल के साथ बढ़ते तनाव के बीच ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव मोहम्मद बाघेरी ज़ोलगदर ने चेतावनी दी है कि यदि इज़राइल ने ईरानी बुनियादी ढांचे पर हमला किया तो उसका “करारा जवाब” दिया जाएगा और इज़राइल को “बख्शा नहीं जाएगा।”

भरोसे का संकट, ईरान ने अमेरिका पर लगाया वादा तोड़ने का आरोप

ईरानी अधिकारियों का कहना है कि हालिया हमलों और ट्रंप के बयानों ने दोनों देशों के बीच अविश्वास और बढ़ा दिया है। उनका आरोप है कि अमेरिका ने पहले हमले न करने का आश्वासन दिया था, लेकिन बाद में सैन्य कार्रवाई कर अपने वादे से पीछे हट गया। ईरान का कहना है कि भविष्य की किसी भी बातचीत का आधार अब “प्रतिबद्धता के बदले प्रतिबद्धता” होगा, न कि भरोसा।

कतर फिर निभाएगा मध्यस्थ की भूमिका

रिपोर्टों के अनुसार, कतर के अधिकारी ईरान पहुंच चुके हैं और तेहरान व वॉशिंगटन के बीच रुकी हुई वार्ता को दोबारा शुरू कराने की कोशिश कर रहे हैं। उनका उद्देश्य तनाव कम करना और दोनों देशों के बीच नए दौर की बातचीत का रास्ता तैयार करना है।

ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, हालिया अमेरिकी हवाई हमलों में 14 लोगों की मौत हुई, जबकि 78 लोग घायल हुए। हमलों में उत्तरी ईरान के हवाई अड्डों, लॉजिस्टिक्स नेटवर्क, समुद्री निगरानी प्रणालियों और रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाया गया।

बुशहर परमाणु परियोजना में रूस की वापसी

रूसी समाचार एजेंसी RIA Novosti के अनुसार, सरकारी परमाणु कंपनी रोसाटॉम ने बुशहर परमाणु ऊर्जा परियोजना के पहले छह इंजीनियरों को दोबारा ईरान भेजने की पुष्टि की है। अमेरिका-इज़राइल के संयुक्त हमलों के बाद कंपनी ने सुरक्षा कारणों से अपने सैकड़ों कर्मचारियों को वापस बुला लिया था। रोसाटॉम वर्तमान में बुशहर परमाणु संयंत्र की दो नई इकाइयों के निर्माण पर कार्य कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m