रवि रायकवार, दतिया। देश की सुप्रसिद्ध पीतांबरा पीठ में ट्रस्टी के परिवार द्वारा मंदिर के स्टोर रूम से साड़ी ले जाने का मामला अब एक बड़े कानूनी विवाद में बदल चुका है। साड़ी ले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मंदिर के पंडितों और प्रबंधन के बीच का टकराव लगातार बढ़ता जा रहा है।
वायरल वीडियो के बाद बढ़ा विवाद
वीडियो सामने आने के बाद मंदिर के स्थानीय पंडितों ने तीखा विरोध दर्ज कराया है। पंडितों का आरोप है कि यह साड़ी चोरी का मामला है और उन्होंने इस संबंध में मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर भारी हंगामा किया। इस हंगामे के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि पीठ के प्रबंधक महेश दुबे को लगातार जान से मारने की धमकियां मिलने लगीं।
प्रबंधक ने थाने पहुंचकर की कार्रवाई की मांग
अब इस मामले में मंदिर प्रबंधन और उनसे जुड़े लोग भी खुलकर सामने आ गए हैं। आज पीठ प्रबंधक महेश दुबे अपने समर्थकों के साथ कोतवाली थाने पहुंचे। उन्होंने मंदिर परिसर में हंगामा और बवाल करने वाले उपद्रवियों के खिलाफ एक नामजद आवेदन सौंपकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद कार्रवाई की बात कही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है और जांच के बाद ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

