Lifestyle Desk – सुबह का नाश्ता पूरे दिन की ऊर्जा और सेहत के लिए बेहद अहम माना जाता है. अगर रोजाना पराठा, पोहा, उपमा या ब्रेड खाकर आप भी कुछ नया और स्वादिष्ट ट्राई करना चाहते हैं, तो इस बार कच्चे केले की कुरकुरी टिक्की आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकती है. यह रेसिपी बाहर से क्रिस्पी, अंदर से नरम और स्वाद में बेहद लाजवाब होती है. खास बात यह है कि कच्चे केले में फाइबर, पोटैशियम और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो इसे हेल्दी ब्रेकफास्ट का अच्छा विकल्प बनाते हैं. और बारिश के मौसम में तो ऐसी टिक्की खाना बहुत ही स्वादिष्ट लगता है. तो आइए जानते हैं कच्चे केले की कुरकुरी टिक्की बनाने की रेसिपी.

सामग्री
कच्चे केले-2
उबले हुए आलू-2
हरी मिर्च-2-3(बारीक कटी हुई)
अदरक-1 छोटा चम्मच कद्दूकस किया हुआ
हरा धनिया-1 छोटा चम्मच कद्दूकस किया हुआ
लाल मिर्च पाउडर-½ छोटा चम्मच
जीरा पाउडर-½ छोटा चम्मच भुना
गरम मसाला-½ छोटा चम्मच
नमक-स्वादानुसार
ब्रेड क्रम्ब्स या सूजी-3-4 बड़े चम्मच
सेंकने के लिए थोड़ा सा तेल या घी
विधि
- सबसे पहले कच्चे केले को अच्छी तरह धोकर कुकर में 2-3 सीटी आने तक उबाल लें. ठंडा होने पर उनका छिलका उतार लें. अब उबले हुए केले और आलू को एक बड़े बर्तन में अच्छी तरह मैश कर लें.
- इसके बाद इस मिश्रण में हरी मिर्च, अदरक, हरा धनिया, लाल मिर्च पाउडर, जीरा पाउडर, गरम मसाला और स्वादानुसार नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें.
- यदि मिश्रण ज्यादा नरम लगे, तो उसमें ब्रेड क्रम्ब्स या सूजी मिलाएं, ताकि टिक्की आसानी से आकार ले सके.
अब तैयार मिश्रण से अपनी पसंद के अनुसार गोल या हल्की चपटी टिक्कियां बना लें. - एक नॉन-स्टिक तवा गर्म करें और उस पर थोड़ा सा तेल या घी डालें. टिक्कियों को मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेकें. जब टिक्की अच्छी तरह क्रिस्पी हो जाए, तो उसे प्लेट में निकाल लें.
- गर्मागर्म कच्चे केले की टिक्की को हरी धनिया-पुदीना चटनी, मीठी इमली की चटनी या दही के साथ परोसें. चाहें तो ऊपर से चाट मसाला और बारीक कटा प्याज डालकर इसका स्वाद और भी बढ़ा सकते हैं. सुबह के नाश्ते के अलावा इसे शाम की चाय के साथ भी स्नैक के रूप में परोसा जा सकता है.


