Lifestyle Desk – बारिश का मौसम आते ही गर्मागर्म चाय और उसके साथ कुछ चटपटा खाने का मन करने लगता है। ज्यादातर लोग इस मौसम में पकौड़े, समोसे या दूसरी तली-भुनी चीजें खाना पसंद करते हैं। हालांकि, अगर आप हर बार एक जैसा नाश्ता खाकर बोर हो चुके हैं और कुछ नया, स्वादिष्ट के साथ हेल्दी भी ट्राई करना चाहते हैं, तो ‘वन-पॉट पास्ता सूप’ आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकता है। यह रेस्टोरेंट स्टाइल सूप स्वाद में लाजवाब होने के साथ पोषण से भी भरपूर है। खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए पास्ता अलग से उबालने की जरूरत नहीं पड़ती। सारी सामग्री एक ही बर्तन में पकती है, जिससे समय भी बचता है और स्वाद भी दोगुना हो जाता है।

यह सूप लहसुन, टमाटर, रंग-बिरंगी सब्जियों, इटैलियन हर्ब्स और पनीर के शानदार मिश्रण से तैयार होता है। बारिश के मौसम में इसका गरमागरम स्वाद न सिर्फ मन को सुकून देता है, बल्कि शरीर को भी ऊर्जा और जरूरी पोषक तत्व प्रदान करता है। अगर आपके घर में बच्चे पास्ता पसंद करते हैं, तो उन्हें भी यह हेल्दी अंदाज जरूर पसंद आएगा।
सामग्री
पास्ता -1 कप (पेने, फ्यूसीली या मैकरोनी)
ऑलिव ऑयल या मक्खन-1 बड़ा चम्मच
लहसुन की कलियां-4–5 (बारीक कटी हुई)
प्याज-1 छोटा )बारीक कटा हुआ)
गाजर-1 (छोटे टुकड़ों में कटी)
शिमला मिर्च-½ कप (बारीक कटी)
स्वीट कॉर्न-½ कप
टमाटर प्यूरी-2 बड़े चम्मच
वेजिटेबल स्टॉक या पानी-4 कप
ओरिगैनो-½ छोटा चम्मच
चिली फ्लेक्स-½ छोटा चम्मच
नमक और काली मिर्च-स्वादानुसार
पनीर के छोटे टुकड़े-½ कप
सजाने के लिए धनिया या पार्सले और थोड़ा कद्दूकस किया हुआ चीज़
विधि
- सबसे पहले एक गहरे पैन या कड़ाही में ऑलिव ऑयल या मक्खन गर्म करें। इसमें बारीक कटा लहसुन डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें।
- अब इसमें प्याज डालकर पारदर्शी होने तक पकाएं। इसके बाद गाजर, शिमला मिर्च और स्वीट कॉर्न डालकर 2–3 मिनट तक हल्का सा भून लें।
- अब टमाटर प्यूरी डालें और करीब दो मिनट तक पकाएं, ताकि उसका कच्चापन खत्म हो जाए। इसके बाद ओरिगैनो, चिली फ्लेक्स, नमक और काली मिर्च डालकर अच्छी तरह मिला लें। अब इसमें वेजिटेबल स्टॉक या पानी डालें और उबाल आने दें।
- जब मिश्रण में उबाल आ जाए, तब इसमें कच्चा पास्ता डाल दें। पास्ता को अलग से उबालने की जरूरत नहीं है। मध्यम आंच पर 10–12 मिनट तक पकाएं।
- बीच-बीच में चलाते रहें ताकि पास्ता तले में चिपके नहीं। जब पास्ता पूरी तरह नरम हो जाए, तब इसमें पनीर के छोटे टुकड़े डालें और 2 मिनट तक और पकाएं।
- गैस बंद करने के बाद ऊपर से ताजा धनिया या पार्सले और चाहें तो थोड़ा कद्दूकस किया हुआ चीज़ डालकर गरमागरम परोसें। इसका गाढ़ा, क्रीमी और मसालेदार स्वाद हर किसी को पसंद आएगा।


