Lifestyle Desk: अगर आपको लगता है कि तंदूरी स्वाद सिर्फ पनीर, मशरूम या चिकन जैसी चीजों तक ही सीमित है, तो अब ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। बदलते समय के साथ लोग पारंपरिक रेसिपीज़ में नए-नए प्रयोग करना पसंद कर रहे हैं। यही वजह है कि फलों से बनने वाली फ्यूजन डिश भी तेजी से लोकप्रिय हो रही हैं। इन्हीं में से एक है तंदूरी पाइनएप्पल, जो मीठे, हल्के तीखे और स्मोकी फ्लेवर का बेहतरीन मेल है। बाहर से हल्का चार्ड और अंदर से रसदार यह डिश स्वाद के साथ-साथ देखने में भी बेहद आकर्षक लगती है।

और इस मौसम में तो बाज़ार में पाइनएप्पल की बहार आ जाती है। ऐसे में इस डिश को बनाना और भी मजेदार हो जाता है। सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने के लिए किसी खास सामग्री की जरूरत नहीं होती। घर में मौजूद सामान्य मसालों और दही की मदद से इसे आसानी से तैयार किया जा सकता है। चाहे घर पर छोटी-सी पार्टी हो, वीकेंड डिनर, बारबेक्यू नाइट या शाम की चाय के साथ कुछ अलग परोसना हो, तंदूरी पाइनएप्पल हर मौके पर मेहमानों का दिल जीत सकता है। सोशल मीडिया पर भी यह फ्यूजन रेसिपी काफी ट्रेंड कर रही है।तो चलिए जानते हैं तंदूरी पाइनएप्पल बनाने का तरीका।

सामग्री

पाइनएप्पल -1 छोटा ताजा (मोटे चौकोर टुकड़ों में कटा हुआ)
गाढ़ा दही-½ कप
अदरक-लहसुन का पेस्ट-1 छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर-1 छोटा चम्मच
हल्दी-½ छोटा चम्मच
धनिया पाउडर-1 छोटा चम्मच
जीरा पाउडर-½ छोटा चम्मच
गरम मसाला-½ छोटा चम्मच
चाट मसाला-½ छोटा चम्मच
कसूरी मेथी-1 छोटा चम्मच
सरसों का तेल-1 बड़ा चम्मच
नमक-स्वादानुसार
नींबू का रस
लकड़ी की सीख (यदि ग्रिल करना हो)

विधि

1-सबसे पहले एक बड़े बाउल में दही, लाल मिर्च, हल्दी, धनिया पाउडर, जीरा पाउडर, गरम मसाला, कसूरी मेथी, नमक, सरसों का तेल और थोड़ा-सा नींबू का रस डालकर अच्छी तरह मिला लें। अगर आप हल्का तीखा स्वाद पसंद करते हैं, तो इसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट भी मिला सकते हैं।

2-अब पाइनएप्पल के टुकड़ों को इस तैयार मैरिनेड में डालें और अच्छी तरह कोट करें। इसे कम से कम 20 से तीस मिनट के लिए ढककर रख दें, ताकि मसालों का स्वाद पाइनएप्पल में अच्छी तरह समा जाए।

3-इसके बाद मैरिनेट किए हुए टुकड़ों को सीख में लगाएं और पहले से गर्म किए हुए ओवन, एयर फ्रायर या तंदूर में 200 डिग्री सेल्सियस पर लगभग 12 से 15 मिनट तक पकाएं।

4-बीच-बीच में पलटते रहें ताकि सभी तरफ से हल्का सुनहरा और चार्ड टेक्सचर आ जाए। अगर ओवन नहीं है, तो इसे नॉन-स्टिक तवे या ग्रिल पैन पर भी धीमी आंच पर भुना जा सकता है।

5-तैयार तंदूरी पाइनएप्पल पर थोड़ा-सा चाट मसाला और नींबू का रस छिड़कें। ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया या पुदीने की पत्तियों से सजाएं। इसे पुदीना चटनी, दही की डिप या मसाला मेयो के साथ गर्मागर्म परोसें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m