शिखिल ब्यौहार, भोपाल। मध्यप्रदेश बीजेपी में अंदरूनी बयानबाजी और अनुशासन को लेकर सियासी पारा गरम है। अपनी ही सरकार और व्यवस्था के खिलाफ लगातार मुखर हो रहे पार्टी के तीन विधायकों पर अब संगठन ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी की छवि और सरकार की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाले बयानों को लेकर प्रदेश नेतृत्व पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। इस बीच, पार्टी के भीतर मचे इस घमासान पर भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी का बड़ा बयान सामने आया है, जिसने इस पूरी बहस को एक नया मोड़ दे दिया है।

तीन विधायकों को तलब करने की तैयारी

पार्टी सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार, भाजपा संगठन लगातार विवादित और बगावती बयान दे रहे तीन विधायकों— पन्नालाल शाक्य (गुना), चिंतामणि मालवीय (आलोट) और प्रीतम लोधी (पिछोर) से बेहद नाराज है। हाल ही में इन नेताओं द्वारा दिए गए बयानों को केंद्रीय और राज्य नेतृत्व ने बेहद गंभीरता से लिया है। बताया जा रहा है कि संगठन जल्द ही इन तीनों नेताओं को भोपाल तलब कर सकता है।

बता दें कि प्रीतम लोधी और पन्नालाल शाक्य पहले भी अपने विवादित बयानों से पार्टी और सरकार के लिए असहज स्थिति खड़ी करते रहे हैं। लेकिन इस बार बिजली कटौती और अन्य मुद्दों पर सरकार को ही कटघरे में खड़ा करने के बाद संगठन अब आर-पार के मूड में है और इनसे लिखित या मौखिक जवाब-तलब करने की तैयारी की जा रही है।

कार्रवाई की भी एक सीमा होती है

एक तरफ जहाँ संगठन इन विधायकों पर अनुशासनात्मक डंडा चलाने की तैयारी कर रहा है, वहीं दूसरी ओर भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी ने अपनी ही पार्टी और नेताओं को ‘आईना’ दिखाते हुए एक बड़ी नसीहत दी है। “हमें यह भी देखना चाहिए कि एक पिता अपने बेटे को घर से निकालने के लिए कितना इंतजार करता है और उसे सुधारने के कितने मौके देता है। हर व्यक्ति की अपनी भावनाएं और जमीनी नाराजगी होती है, और उसी आक्रोश के कारण कभी-कभी ऐसे बयान सामने आ जाते हैं।”

विचारधारा से समझौता नहीं

वरिष्ठ नेता सोलंकी ने केवल संगठन को ही नहीं, बल्कि नाराज विधायकों को भी अनुशासन का पाठ पढ़ाया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जनभावनाएं अपनी जगह हैं, लेकिन पार्टी की मूल विचारधारा के साथ चलना और खुद की वाणी पर नियंत्रण रखना हर कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि के लिए सबसे पहली जिम्मेदारी है।

बीजेपी के विधायक पार्टी को ही निपटा देंगे

मामले पर कांग्रेस का भी बयान सामने आया है। प्रदेश प्रवक्ता अविनभ बारोलिया ने कहा- कप्तान सिंह सोलंकी वरिष्ठ और सम्माननीय बीजेपी नेता की बात को गंभीरता से सुनी जानी चाहिए, कांग्रेस का भी यही मत है। ऐसे न करने पर बीजेपी के विधायक बीजेपी को ही निपटा देंगे। कांग्रेस नहीं चाहती बीजेपी का खात्मा हो। विधायकों के बयान और विवाद बीजेपी की अंतर्कलह को उजागर कर रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m