Tamil Nadu Politics: अभिनेता से नेता बने सी. जोसेफ विजय की अगुवाई वाली तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) ने शनिवार को इंडिया गठबंधन में औपचारिक रूप से शामिल होने की प्रक्रिया पूरी कर ली। चेन्नई स्थित कांग्रेस मुख्यालय सत्यमूर्ति भवन में हुई गठबंधन की बैठक में टीवीके की ओर से पार्टी महासचिव और मंत्री आदव अर्जुन तथा वित्त मंत्री मैरी विल्सन ने हिस्सा लिया।

बैठक में टीवीके के शामिल होने पर मुहर

करीब दो घंटे चली बैठक के बाद तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मणिकम टैगोर ने टीवीके के इंडिया गठबंधन में शामिल होने की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि विजय के फैसले का स्वागत करते हुए बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया।

टैगोर ने विजय को लोकतंत्र और धर्मनिरपेक्षता के प्रति प्रतिबद्ध लोकप्रिय नेता बताते हुए कहा कि टीवीके के गठबंधन में आने से इंडिया ब्लॉक और मजबूत होगा। आदव अर्जुन ने भी कहा कि शनिवार की बैठक में टीवीके की भागीदारी गठबंधन का हिस्सा बनने की औपचारिक घोषणा है।

SIR के खिलाफ राज्यभर में प्रदर्शन का फैसला

बैठक में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर भी रणनीति तय की गई। गठबंधन ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ राज्यभर में जिला स्तर पर प्रदर्शन करने का फैसला किया है। विपक्षी दलों का आरोप है कि SIR प्रक्रिया के कारण मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम हटाए गए हैं।

15 अक्टूबर को चेन्नई में होने वाले प्रदर्शन में टीवीके, कांग्रेस, वीसीके, सीपीआई, सीपीएम, आईयूएमएल, एमडीएमके और सीपीआई (एमएल) के शामिल होने की बात कही गई है।

राष्ट्रीय स्तर पर भी बढ़ेगी टीवीके की भूमिका?

एमडीएमके नेता वाइको ने कहा कि विजय को भी प्रदर्शन में शामिल होना चाहिए। इंडिया ब्लॉक की राष्ट्रीय बैठकों में टीवीके की भागीदारी को लेकर उन्होंने संकेत दिया कि शनिवार की बैठक महज शुरुआत है और पार्टी आने वाली बैठकों में भी हिस्सा लेगी। टीवीके के इंडिया गठबंधन में औपचारिक प्रवेश से तमिलनाडु की राजनीति में विपक्षी एकजुटता को नया राजनीतिक आयाम मिलने की उम्मीद है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m