शब्बीर अहमद, भोपाल। ट्विशा शर्मा मौत मामले में न्यायिक हिरासत में जेल में बंद रिटायर्ड जज गिरीबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। इस मामले में अब एक ऐसा बड़ा और सनसनीखेज खुलासा हुआ है, जिसने कानूनी और प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मचा दिया है। आरोप है कि रिटायर्ड जज गिरीबाला सिंह ने अपनी पहुंच का इस्तेमाल कर न सिर्फ जांच को प्रभावित करने की कोशिश की, बल्कि अपने पद का भी जमकर दुरुपयोग किया।

MPSLSA के मेंबर को किए ताबड़तोड़ 8 कॉल

मामले में सामने आए कॉल डिटेल्स के अनुसार, मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (MPSLSA) शुरू से ही गिरीबाला सिंह की मदद करने में जुटा हुआ था। गिरीबाला ने अपनी गिरफ्तारी और कानूनी शिकंजे से बचने के लिए MPSLSA के मेंबर मनोज कुमार को एक के बाद एक कुल 8 कॉल किए थे। इसमें सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि एक कॉल 12 मई की रात को ठीक 11 बजे किया गया था, जो इस मामले में उनकी हड़बड़ाहट और प्रभाव के इस्तेमाल को साफ दर्शाता है।

उठाया नाजायज फायदा

इस मामले में सबसे बड़ा वित्तीय और नैतिक उल्लंघन ‘विधिक सहायता योजना’ को लेकर सामने आया है। नियमावली के अनुसार, यह सरकारी योजना समाज के गरीब और असहाय लोगों को मुफ्त कानूनी मदद देने के लिए बनाई गई है। लेकिन आरोप है कि रिटायर्ड जज होने के बावजूद गिरीबाला सिंह ने इस योजना का अनुचित लाभ उठाया। 15 मई को जब कोर्ट में उनकी अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई होनी थी, तब वकील श्रेयस सक्सेना खुद कोर्ट में मौजूद थे और उन्होंने ही गिरीबाला की तरफ से पैरवी की थी।

आरोपी समर्थ और वकील श्रेयस के संबंधों का खुलासा

जांच में यह भी साफ हुआ है कि वकील श्रेयस सक्सेना और गिरीबाला के बेटे समर्थ सिंह के बीच संबंध नए नहीं हैं, बल्कि वे पहले से एक-दूसरे को जानते थे। सोशल मीडिया और जांच के दौरान कुछ ऐसे साक्ष्य भी सामने आए हैं, जिनमें श्रेयस सक्सेना के साथ आरोपी समर्थ डांस करते हुए दिखाई दे रहा है।

ब्यूटी पार्लर का रहस्यमयी कनेक्शन

मामले में एक और संदिग्ध मोड़ तब आया जब यह बात सामने आई कि जिस वक्त ट्विशा ब्यूटी पार्लर गई हुई थी, ठीक उसी दौरान एक अज्ञात शख्स ट्विशा के शादी समारोह में भी पहुंचा था। पुलिस और जांच एजेंसियां अब इस मिस्ट्री मैन और पूरी क्रोनोलॉजी को समझने में जुटी हैं।

पीड़ित पिता ने हाईकोर्ट और MPSLSA से की शिकायत

बेटी को खो चुके ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा ने अब इस पूरे गठजोड़ के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने MPSLSA और मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई है। नवनिधि शर्मा ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने और पद का दुरुपयोग करने वाले अधिकारियों व कड़ियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल, कोर्ट के आदेश के बाद रिटायर्ड जज गिरीबाला सिंह और उनका बेटा समर्थ सिंह 16 जून तक भोपाल जेल में न्यायिक हिरासत में हैं। नए सबूतों और पद के दुरुपयोग के आरोपों के बाद अब दोनों का सलाखों से बाहर आना बेहद मुश्किल नजर आ रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m