शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के बहुचर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में एक नया मोड़ सामने आया है। जेल में बंद आरोपी मां-बेटे ( रिटायर्ड जज गिरिबाला और समर्थ सिंह) को कथित तौर पर ‘VIP ट्रीटमेंट’ (विशेष सुविधाएं) दिए जाने के मामले में जेल मुख्यालय ने सख्त रुख अपनाया है। इस शिकायत के बाद खुद डीआईजी (DIG) संजय पांडे जांच के लिए जेल पहुंचे थे, जिन्होंने अब अपनी विस्तृत रिपोर्ट जेल महानिदेशक (DG) वरुण कपूर को सौंप दी है।

जेल में फल और ड्राय फ्रूट्स देने की चर्चा

सूत्रों के मुताबिक, जेल में बंद आरोपी गिरिबाला और उनके बेटे समर्थ को फल, ड्राय फ्रूट्स और अन्य प्रतिबंधित खाद्य सामग्री बाहर से लाकर उपलब्ध कराई जा रही थी, जिसे लेकर जेल प्रशासन पर सवाल खड़े हुए थे। हालांकि, इस पूरे मामले पर जेल प्रशासन का कहना है-“आरोपियों को जो भी सुविधाएं दी गई हैं, वे पूरी तरह से जेल के नियमों और मैनुअल के अनुसार ही उपलब्ध कराई गई हैं। किसी भी प्रकार का कोई नियम विरुद्ध वीआईपी ट्रीटमेंट नहीं दिया गया है।” जेल मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, डीआईजी संजय पांडे द्वारा सौंपी गई इस जांच रिपोर्ट के आधार पर अब आगे की विभागीय कार्रवाई तय की जाएगी।

जेल पहुंचते ही अस्पताल में भर्ती हुए थे मां-बेटे

उल्लेखनीय है कि जेल की सलाखों के पीछे पहुंचते ही दोनों आरोपियों की तबीयत खराब होने की बात सामने आई थी, जिसके बाद उन्हें सीधे जेल अस्पताल में भर्ती करा दिया गया था। गिरिबाला को महिला वार्ड के भीतर ही इमरजेंसी उपचार के लिए विशेष रूप से बनाए गए बेड पर रखा गया है। आरोपी समर्थ को जेल के ‘खंड ब’ (B-Block) स्थित अस्पताल में भर्ती कराकर इलाज दिया जा रहा है।

कोर्ट में पेश किए मकान की वीडियोग्राफी के साक्ष्य

एक तरफ जहां जेल प्रशासन की व्यवस्थाओं पर सवाल उठ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ इस मामले की जांच कर रही केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने आरोपियों के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सीबीआई ने कोर्ट में एक महत्वपूर्ण मेमोरी कार्ड पेश किया है, जिसमें घटना से जुड़े मकान की विस्तृत वीडियोग्राफी मौजूद है। अदालत ने सीबीआई द्वारा पेश की गई इस केस डायरी और वीडियोग्राफी वाले मेमोरी कार्ड को पुख्ता साक्ष्य (Evidence) के रूप में अपने आधिकारिक रिकॉर्ड में ले लिया है।

स्त्रीधन की तलाश: सूत्रों के अनुसार, सीबीआई अब ट्विशा शर्मा के ‘स्त्रीधन’ (शादी के समय मिले गहने और सामान) से जुड़े सबूत और साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है, ताकि मामले में आरोपियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और हत्या की धाराओं को कोर्ट में मजबूती से साबित किया जा सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m