दिल्ली के तिलक नगर में सड़क निरीक्षण के दौरान PWD मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा (Parvesh Verma ) और एक युवक के बीच हुए विवाद का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी ने मंत्री पर युवक को थप्पड़ मारने का आरोप लगाया है। वहीं, अब इस मामले में युवक की ओर से पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई गई है। जानकारी के मुताबिक, चांद नगर निवासी सोशल एक्टिविस्ट साहिब सिंह ने PWD मंत्री प्रवेश वर्मा और 12 से 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ विकासपुरी पुलिस स्टेशन में शिकायत दी है। शिकायत में सड़क निरीक्षण के दौरान उनके साथ कथित तौर पर हुई घटना का जिक्र किया गया है।

घटना के बाद युवक की पहचान चांद नगर निवासी सोशल एक्टिविस्ट साहिब सिंह के रूप में हुई है। साहिब सिंह ने मंत्री और उनके साथ मौजूद लोगों पर मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। साहिब सिंह का दावा है कि सड़क निरीक्षण के दौरान उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें गंभीर धमकियां भी दी गईं। उन्होंने इस संबंध में विकासपुरी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में PWD मंत्री प्रवेश वर्मा के अलावा 12 से 15 अज्ञात लोगों को भी नामजद किया गया है।

युवक का आरोप- सवाल पूछने पर फोन छीना, बांह मरोड़ी और धमकाया

दिल्ली के तिलक नगर में सड़क निरीक्षण के दौरान PWD मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा और सोशल एक्टिविस्ट साहिब सिंह के बीच हुए विवाद का मामला लगातार तूल पकड़ रहा है। घटना के बाद साहिब सिंह ने मंत्री के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, मीडिया से बातचीत में उन्होंने घटना को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। साहिब सिंह का आरोप है कि सड़क की स्थिति को लेकर सवाल पूछने के दौरान उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। उन्होंने दावा किया कि मंत्री ने उनका फोन छीन लिया, उनकी बांह मरोड़ी और उन्हें थप्पड़ मारा। युवक ने यह भी आरोप लगाया कि मंत्री के साथ मौजूद लोगों ने उसके साथ मारपीट की और उसे धमकाया।

‘सड़क का टुकड़ा हाथ में पापड़ की तरह टूट गया’

साहिब सिंह ने सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि मौके पर सड़क का एक टुकड़ा उठाने पर वह मंत्री के हाथ में ही टूट गया। उनके मुताबिक, इस घटना से सड़क की स्थिति सामने आ गई। युवक ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्हें लगता है कि मंत्री को उम्मीद नहीं थी कि सड़क की स्थिति इस तरह सामने आ जाएगी। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या अब कोई सवाल भी नहीं पूछ सकता।

क्या है पूरा मामला?

दिल्ली के तिलक नगर में सड़क निरीक्षण के दौरान PWD मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा और AAP विधायक जरनैल सिंह के बीच हुई बहस के बाद विवाद बढ़ गया। इसी दौरान एक युवक के साथ कथित मारपीट का मामला भी सामने आया है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है। जानकारी के मुताबिक, यह घटना रविवार को हुई, जब PWD मंत्री प्रवेश वर्मा तिलक नगर में सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय AAP विधायक जरनैल सिंह को भी मौके पर बुलाया। इस दौरान विधायक ने हाल ही में बनी सड़क के कुछ टुकड़े मंत्री को दिखाए।

बताया जा रहा है कि जरनैल सिंह ने सड़क का एक टुकड़ा उठाकर मंत्री के हाथ में रख दिया। इसके बाद दोनों के बीच सड़क की गुणवत्ता को लेकर बहस शुरू हो गई। मंत्री ने कथित तौर पर कहा कि 15 साल में भी सड़क नहीं बनाई जा सकी, जिस पर विधायक ने जवाब दिया कि ऐसी सड़क नहीं बननी चाहिए जो 15 घंटे भी न टिके। बहस के बाद मंत्री वहां से जाने लगे। जानकारी के मुताबिक, विधायक और उनके साथ मौजूद कुछ लोग मंत्री की गाड़ी तक उनके पीछे गए। इसी दौरान साहिब सिंह नाम का युवक घटना का वीडियो बना रहा था।

आरोप है कि वीडियो बनाए जाने से नाराज होकर मंत्री और युवक के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान मंत्री ने युवक के साथ कथित तौर पर मारपीट की और उसे थप्पड़ मारा। घटना का वीडियो सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी ने मंत्री पर हमला बोलते हुए युवक को थप्पड़ मारने का आरोप लगाया है।  वहीं, साहिब सिंह ने विकासपुरी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने मंत्री और 12 से 15 अज्ञात लोगों पर मारपीट और धमकाने के आरोप लगाए हैं। दूसरी ओर, प्रवेश वर्मा ने अपना पक्ष रखते हुए आरोप लगाया है कि युवक उनके परिवार को गालियां दे रहा था।

प्रवेश वर्मा ने जारी किया 2.56 मिनट का वीडियो

विवाद बढ़ने के बाद PWD मंत्री प्रवेश वर्मा ने 2 मिनट 56 सेकंड का एक वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा। उन्होंने आम आदमी पार्टी के नेताओं पर कमीशनखोरी के आरोप लगाए और सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठाए। वहीं, युवक को थप्पड़ मारने के आरोप पर मंत्री ने कहा कि जरनैल सिंह के साथ मौजूद लोगों ने उनके परिवार को गाली दी थी। उन्होंने अपने बचाव में कहा कि ऐसे हालात में कोई भी आम व्यक्ति जैसा व्यवहार करता, उन्होंने भी वही किया। प्रवेश वर्मा ने अपने वीडियो में साहिब सिंह को AAP विधायक जरनैल सिंह का सहयोगी बताया। मंत्री ने दावा किया कि साहिब सिंह के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं और वह जेल भी जा चुका है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

‘मंत्री को गिरफ्तार करो’- केजरीवाल

तिलक नगर में सड़क निरीक्षण के दौरान PWD मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा और एक युवक के बीच हुए विवाद को लेकर आम आदमी पार्टी ने दिल्ली सरकार पर हमला बोला है। AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंत्री की गिरफ्तारी की मांग की है, जबकि तिलक नगर से पार्टी विधायक जरनैल सिंह ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण से जुड़े सवाल उठाए जाने पर मंत्री अपना आपा खो बैठे। अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर घटना का वीडियो साझा करते हुए लिखा कि बीजेपी सरकार के एक मंत्री ने सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार को उजागर करने वाले एक युवा को सार्वजनिक रूप से थप्पड़ मारा। उन्होंने मंत्री को गिरफ्तार करने की मांग की। केजरीवाल ने यह भी कहा कि वह अगले दिन तिलक नगर जाकर सड़क का निरीक्षण करेंगे।

जरनैल सिंह का मंत्री पर आरोप

तिलक नगर विधायक जरनैल सिंह ने आरोप लगाया कि इलाके में सड़क निर्माण की गुणवत्ता का मुद्दा उठाए जाने के दौरान प्रवेश वर्मा अपना आपा खो बैठे। उनके मुताबिक, इसी दौरान मंत्री ने सड़क की रिकॉर्डिंग कर रहे कैमरामैन को थप्पड़ मार दिया। वहीं, आम आदमी पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने भी प्रवेश वर्मा पर कैमरामैन को थप्पड़ मारने का आरोप लगाया। उन्होंने कथित व्यवहार को शर्मनाक बताया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m