रायपुर। एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट और डी डी नगर थाना पुलिस ने साइबर फ्रॉड के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने मोबाइल हैक कर बैंक खातों से 3.94 लाख रुपए उड़ाने वाले दो अंतर्राज्यीय ठग को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से मोबाइल, चेक बुक और नगद राशि जब्त किया गया है।

टेक्स्ट मैसेज भेजकर हैक किया मोबाइल

जानकारी के मुताबिक, कंचनगंगा फेस-02 डीडी नगर में रहने वाले चार्टर्ड अकाउंटेंट विष्णु दत्त बघेल ने थाना डी डी नगर में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि 8 नवंबर 2025 को उनके मोबाइल नंबर पर कई मैसेज आए, जिसे पढ़ने के लिए उन्होंने ओपन किया। इसके बाद उनके यूको बैंक और एक्सिस बैंक के खातों से अलग-अलग ऑनलाइन ट्रांजेक्शन होने लगे।

दो दिन के अंदर निकाल लिए 3.94 लाख रुपए

देखते ही देखते 8 नवंबर से 10 नवंबर तक उनके बैंक खातों से कुल 3,94,000 की राशि निकाल ली गई। शिकायत के बाद अज्ञात आरोपी के विरूद्ध थाना डी डी नगर में अपराध क्रमांक 186/26 धारा 318(4) बीएनएस, 66(डी) आईटी एक्ट का मामला दर्ज किया गया।

इस तरह से पकड़ाए दो आरोपी

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर एण्टी क्राईम एण्ड साइबर यूनिट और थाना डीडी नगर की संयुक्त टीम ने तकनीकी विश्लेषण, बैंकिंग ट्रांजेक्शन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का परीक्षण करते हुए आरोपियों का लोकेशन ट्रेस कर लिया। इसके बाद टीम ने झारखण्ड राज्य के बोकारो जिले से आरोपी विशाल कुमार सिंह के साथ महेश प्रसाद सिंह को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर मोबाइल पर फर्जी संदेश भेजकर मोबाइल हैक किया और फिर बैंक खातों से अनधिकृत ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के माध्यम से साइबर ठगी की घटना को अंजाम दिया।

अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2 मोबाइल, 1 चेक बुक और 2,000 नगद जब्त की गई। मामले में संलिप्त अन्य फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही उनके बैंक खातों, डिजिटल उपकरणों, मोबाइल नंबरों एवं सोशल मीडिया आईडी का खंगालकर गिरोह के संपूर्ण नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m