करनाल: जिला पुलिस के एंटी नारकोटिक्स सेल ने अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले उत्तर प्रदेश के दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से .315 बोर के दो देसी कट्टे, 6 जिंदा कारतूस और एक बोलेरो पिकअप गाड़ी बरामद की है। दो दिन का रिमांड खत्म होने के बाद पुलिस ने शनिवार को दोनों का मेडिकल कराया, जिसके बाद उन्हें अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।
सेल के इंचार्ज हिम्मत सिंह ने बताया कि उनकी टीम सेक्टर-6 स्थित ग्रीन बेल्ट के पास गश्त पर थी। इसी दौरान संदेह के आधार पर बोलेरो सवार दो युवकों को रोका गया। तलाशी लेने पर उनके पास से अवैध हथियार बरामद हुए। शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि आरोपी अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त का काम करते हैं। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वे यह हथियार कहां से लाए थे और किसे सप्लाई करने वाले थे।

