तरनतारन पुलिस ने गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के नाम पर विदेशी नंबरों से फोन कर भोले-भाले लोगों को धमकाकर फिरौती मांगने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही, भिखीविंड थाना क्षेत्र में गोल्डी बराड़ के नाम पर धमकी देने वाले दो अन्य व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया है।
जमीन विवाद में धमकी का मामला
एसपी (इन्वेस्टिगेशन) अजय राज सिंह ने बताया कि झबाल थाना क्षेत्र के जगतपुर गांव निवासी सहजबीर सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका चाचा निशान सिंह लंबे समय से उनकी जमीन ठेके पर ले रहा था। सहजबीर ने यह जमीन निशान सिंह से वापस लेकर किसी और को ठेके पर दे दी। इसके बाद उन्हें विदेशी नंबरों से धमकी भरे फोन आने शुरू हुए, जिसमें जमीन वापस निशान सिंह को देने की मांग की जा रही थी। पुलिस की तकनीकी जांच में पता चला कि निशान सिंह और गुरसाहिब सिंह ने मिलकर एक फर्जी विदेशी नंबर बनाकर सहजबीर को धमकाया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
गोल्डी बराड़ के नाम पर फिरौती की मांग
एसपी अजय राज सिंह ने बताया कि भिखीविंड थाने में फिरौती मांगने के दो मामले दर्ज किए गए। पहले मामले में प्रीतम सिंह ने शिकायत की कि गोल्डी बराड़ का नाम लेकर विदेशी नंबर से 35 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। जांच में पता चला कि वल्टोहा निवासी मंदीप सिंह, जो वर्तमान में दुबई में रह रहा है, ने यह कॉल की थी। उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कर दिया गया है।

दूसरे मामले में, आढ़ती सुधीर सैनी ने शिकायत की कि गोल्डी बराड़ का नाम लेकर 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। जांच में सामने आया कि फरंदीपुर गांव निवासी गुरप्रीत सिंह गोपी, जो इस समय दुबई में है, ने यह धमकी दी थी। उसके खिलाफ भी लुकआउट नोटिस जारी किया गया है।
पुलिस की सख्त कार्रवाई
एसपी अजय राज सिंह ने कहा कि जैसे ही ये दोनों आरोपी भारत लौटेंगे, उन्हें तुरंत गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने स्पष्ट किया कि फर्जी विदेशी नंबरों का इस्तेमाल कर धमकी देने और फिरौती मांगने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- इंदौर में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट पर मंडराया खतरा! कई स्कूलों को मेल भेजकर शो में बम ब्लास्ट करने की धमकी; पुलिस महकमे में हड़कंप
- ओडिशा विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई: रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ाया रेलवे प्रोजेक्ट का अधिकारी
- रिम्स में निदेशक की कुर्सी खाली: डॉ. डीके सिन्हा के रिटायरमेंट के बाद भी नए प्रभारी की नियुक्ति नहीं, प्रशासनिक नेतृत्व पर असमंजस
- बराड़ा के स्कूल में 170 बच्चों की हुई आंखों की जांच, डॉक्टरों ने दिए जरूरी सुझाव
- धनबाद में बारामुड़ी के खटाल संचालकों को छठ तक राहत, 19 नवंबर को होगी अगली सुनवाई, जमीन खाली कराने पर बढ़ा विवाद
