धनेश, रेवाड़ी। थाना माडल टाउन पुलिस ने बावल रोड़ रेवाड़ी स्थित एक निजी होटल में चेन्नई सुपर किंग्स व मुम्बई इंडियंस के बीच चल रहे आईपीएल मैच पर सट्टा लगाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान गांव गोलियाका निवासी हरीश कुमार और दीपक कुमार के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लैपटॉप, 1 चार्जर व 2 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक 24 अप्रैल की रात को पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव गोलियाका निवासी हरीश कुमार अपने दोस्त दीपक के साथ बावल रोड रेवाड़ी स्थित एक निजी होटल के कमरे में कमीशन बेस पर सट्टा लगा रहा है। दोनों चेन्नई सुपर किंग्स बनाम मुंबई इंडियंस के बीच चल रहे आईपीएल मैच पर सट्टा लगा रहे हैं।
इस सूचना पर तुरंत रेडिंग पार्टी तैयार करके बताए हुए स्थान पर पहुंच कर आरोपियों को काबू कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लैपटॉप, 1 चार्जर व 2 मोबाइल फोन बरामद किए है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना माडल टाऊन रेवाड़ी में जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

