पुष्पराज प्रसाद, विदिशा। शहर में निराश्रित गोवंश (आवारा मवेशियों) का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे आम जनता और व्यापारी बेहद परेशान हैं। शनिवार सुबह शहर की मुख्य सब्जी मंडी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो सांड आपस में भिड़ गए। लगभग 20 मिनट तक चली इस हिंसक लड़ाई में कई फल व सब्जी विक्रेताओं का सामान पूरी तरह नष्ट हो गया और मंडी में खड़े दो पहिया वाहनों को भी भारी नुकसान पहुंचा। गौरतलब है कि दो दिन पहले भी रॉयल सिटी इलाके में सांडों की लड़ाई के कारण कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए थे।

सब्जी-फल विक्रेताओं का सामान नष्ट, मची भगदड़

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार सुबह जब मंडी में खरीदारों और विक्रेताओं की भीड़ थी, तभी अचानक दो सांड आपस में लड़ने लगे। सांडों की भिड़ंत इतनी खौफनाक थी कि मंडी में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लड़ाई के दौरान सांडों ने कई फल और सब्जी के ठेलों को पलट दिया, जिससे विक्रेताओं का काफी सामान सड़क पर बिखर कर बर्बाद हो गया। पास में खड़े कई दो पहिया वाहनों को भी सांडों ने पटककर क्षतिग्रस्त कर दिया।

स्थानीय लोगों में आक्रोश, पालिका से हटाने की मांग

सब्जी विक्रेता मनोज ने बताया कि सब्जी मंडी में आवारा मवेशियों का यह तांडव आए दिन देखने को मिलता है। आवारा सांडों के कारण हमेशा हादसे का डर बना रहता है और व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने नगर पालिका प्रशासन से गुहार लगाई है कि शहर की सड़कों और मंडियों से निराश्रित गोवंश को तत्काल हटाकर गौशालाओं में भेजा जाए, ताकि आए दिन होने वाले हादसों पर रोक लग सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m