Bihar News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में आज रविवार की दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया, जहां औराई थाना क्षेत्र के बेदौल गांव के कोन्हा टोला में बने एक गहरे गड्ढे में डूबने से दो किशोर की मौत हो गई। जबकि तीसरे की एसकेएमसीएच में गंभीर हालत में इलाज चल रहा है। घटना के बारे में बताया जा रहा है कि तीनों बच्चे गांव से करीब 500 मीटर दूर बने एक गहरे गड्ढे में नहाने के लिए उतरे थे। नहाने के दौरान गहरे पानी में चले जाने से यह हादसा हुआ।
दो की मौत, तीसरे की हालत गंभीर
मृतकों की पहचान बेदौल कोन्हा टोला निवासी विकास कुमार (12) और सत्यम कुमार (9) के रूप में हुई है। वहीं, रामानंद राय (13) का इलाज जारी है। ग्रामीणों के अनुसार, आज रविवार को छुट्टी होने के कारण तीनों बच्चे खेलते-खेलते घर से करीब 500 मीटर दूर गड्ढे में नहाने चले गए थे। नहाने के दौरान तीनों धीरे-धीरे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
डॉक्टर ने मृत घोषित किया
बच्चों को डूबते देख पास के खेत में काम कर रहे लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद मौके पर पहुंचे आसपास के ग्रामीण ने काफी मशक्कत के बाद डूब रहे तीनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद उनके परिजन और स्थानीय लोग उन्हें लेकर एसकेएमसीएच लेकर पहुंचे, जहां अस्पताल में डॉक्टरों ने विकास और सत्यम को मृत घोषित कर दिया। वहीं, रामानंद का इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
चिमनी संचालक पर अवैध खनन का आरोप
दो बच्चों की डूबने से मौत होने पर पूरे गांव में मातम का माहौल कामय हो गया। वहीं, मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी होने के बाद अस्पताल से लेकर मृतकों के घर तक लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोग परिजनों को ढांढस बंधाते हुए नजर आए। मौके पर पहुंची पंचायत की मुखिया संगीता कुमारी ने आरोप लगाया कि पितौझिया सीमा क्षेत्र में एक चिमनी संचालक ने सरकारी परती जमीन पर अवैध तरीके से मिट्टी का खनन कराया है। इससे वहां करीब 15 से 20 फीट गहरा गड्ढा बन गया। बारिश के बाद इस गड्ढे में पानी भर गया, जिसमें तीनों बच्चे डूब गए।
ये भी पढ़ें- ‘19 अगस्त को राजद का राजभवन मार्च’, सीवान AK-47 फायरिंग कांड को लेकर तेजस्वी ने भरी हुंकार


