अजयारविंद नामदेव, शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के पपौंध थाना क्षेत्र से बेहद हृदयविदारक खबर सामने आई है। यहां बरा बघेलहा गांव में घर के पास खेल रहे दो मासूम बच्चों की कुएं में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। रिश्ते में ये दोनों मासूम सगे चाचा और भतीजे थे, जिनकी उम्र महज 4-4 वर्ष थी। इस खौफनाक हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। पपौंध थाना क्षेत्र में एक ही दिन में हुई दो बड़ी त्रासदियों में कुल 6 लोगों की मौत से दो गांवों में मातम पसरा हुआ है।
खेलते-खेलते कुएं में समा गया बचपन, थम गईं मासूमों की सांसें
दिल को झकझोर देने वाली यह घटना पपौंध थाना क्षेत्र के बरा बघेलहा गांव की है। जानकारी के मुताबिक 4 वर्षीय किशन कोल चाचा और उसका 4 वर्षीय भतीजा सत्यम कोल घर के आंगन के पास खेल रहे थे। खेलते-खेलते दोनों बच्चे वहां स्थित कुएं के बिल्कुल नजदीक पहुंच गए।
आशंका जताई जा रही है कि खेलते समय अचानक दोनों मासूमों का पैर फिसल गया और वे पानी से भरे गहरे कुएं में जा गिरे। काफी देर तक जब बच्चों की आवाज नहीं आई तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। जब कुएं में देखा गया तो दोनों के शव पानी में तैर रहे थे। मासूमों को बाहर निकाला गया लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
पपौंध में एक ही दिन में दूसरी बड़ी त्रासदी: मां ने 3 बेटियों के साथ किया सुसाइड
चाचा-भतीजे की मौत से पहले हृदयविदारक घटना सामने आ चुकी है। पपौंध थाना क्षेत्र के ही हिरवार गांव से एक सामूहिक मौत की खबर आ चुकी है। जहां एक बेबस मां ने अपनी तीन मासूम बेटियों के साथ जहर पीकर आत्महत्या कर ली थी। जहर का असर इतना घातक था कि चारों की मौके पर ही मौत हो गई। सामूहिक खुदकुशी के इस खौफनाक कदम के पीछे की वजहों का अभी पता नहीं चल पाया है।
दो गांवों में पसरा सन्नाटा, अलग-अलग मामलों की जांच में जुटी पुलिस
महज कुछ ही घंटों के भीतर हिरवार और बरा बघेलहा गांवों में कुल 6 लोगों की मौत से पूरे क्षेत्र में सन्नाटा पसरा हुआ है। कई घरों में चूल्हे तक नहीं जले हैं। घटना की सूचना मिलते ही पपौंध थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस प्रशासन का कहना है कि दोनों ही घटनाएं बेहद संवेदनशील और गंभीर हैं। मासूम चाचा-भतीजे की कुएं में डूबने से हुई मौत और मां-बेटियों द्वारा किए गए सामूहिक सुसाइड, दोनों मामलों की अलग-अलग मर्ग कायम कर बारीकी से जांच की जा रही है।

