सोनू वर्मा नूंह। नूंह जिले में गुरुवार देर शाम आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचा दी। अलग-अलग हादसों में दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसों के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पहला दर्दनाक हादसा जिले के गांव टपकन में हुआ, जहां सरकारी स्कूल की बाउंड्री वॉल गिरने से चार बच्चे उसके नीचे दब गए। हादसे में 13 वर्षीय सूफियान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज नल्हड़ में चल रहा है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम चारों बच्चे स्कूल के मैदान में क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज आंधी-तूफान शुरू हो गया। तूफान से बचने के लिए बच्चे स्कूल की बाउंड्री दीवार की ओट में जाकर बैठ गए। तभी अचानक जर्जर दीवार भरभराकर बच्चों के ऊपर गिर पड़ी।

हादसे में सूफियान (13 वर्ष) पुत्र अजरूद्दीन निवासी गोलपुरी, जिला नूंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं आशिक पुत्र मुबारिक (12 वर्ष), कामिल पुत्र खुर्शीद (9 वर्ष) और वशीम पुत्र सिराजुद्दीन (10 वर्ष) निवासी गांव टपकन गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत मलबा हटाकर बच्चों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि मृतक सूफियान अपनी मां के साथ गांव टपकन में अपने मामा के घर बकराईद का त्योहार मनाने आया हुआ था, लेकिन किसी को क्या पता था कि यह त्योहार परिवार के लिए मातम में बदल जाएगा।
वहीं दूसरा हादसा गांव चंदेनी में हुआ, जहां तेज तूफान के दौरान मकान के आंगन की दीवार गिरने से 9 वर्षीय मासूम अन्वेष की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक अन्वेष पुत्र हैदर अपने चार बहन-भाइयों में सबसे बड़ा था और आर के पब्लिक स्कूल में चौथी कक्षा का छात्र था। ग्रामीणों के अनुसार वह पढ़ाई में होनहार और शांत स्वभाव का बच्चा था।
जानकारी के मुताबिक गुरुवार शाम अचानक तेज आंधी-तूफान शुरू हो गया। इसी दौरान घर के आंगन में बनी दीवार अचानक गिर पड़ी, जिसकी चपेट में आने से अन्वेष गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन और ग्रामीण तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इन दर्दनाक हादसों के बाद पूरे नूंह जिले में शोक का माहौल है।

