उत्तरकाशी जनपद के कालिंदी पास क्षेत्र में संचालित रेस्क्यू अभियान मंगलवार को 8 ट्रेकर्स को सुरक्षित हर्षिल हेलीपैड पहुंचाने के बाद पूर्ण हो गया है. यहां रेस्क्यू अभियान के दौरान 28 सितम्बर को 2026 को कालिंदी पास क्षेत्र से 11 ट्रेकर्स और पोर्टर्स को हेलीकॉप्टर के माध्यम से सुरक्षित हर्षिल हेलीपैड लाया गया. जबकि 29 सितम्बर 2026 को कालिंदी पास क्षेत्र से 8 ट्रेकर्स और पोर्टर्स को हेलीकॉप्टर के माध्यम से सुरक्षित हर्षिल हेलीपैड लाया गया है.
इस तरह कालिंदी पास क्षेत्र से कुल 19 ट्रेकर्स और पोर्टर्स को सुरक्षित हर्षिल हेलीपैड लाया गया है. सभी का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया, जिसमें सभी का स्वास्थ्य सामान्य पाया गया. जिसके बाद रेस्क्यू अभियान को पूर्ण कर लिया गया है.
इसे भी पढ़ें : 29 जिंदगियां सुरक्षित! ऑडेन कोल से ट्रेकर्स का हेली रेस्क्यू
बता दें कि शासन प्रशासन इस रेस्क्यू अभियान पर लगातार नजर बनाए रखा था. सोमवार को भी ट्रेकर्स के सुरक्षित रेस्क्यू के लिए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने हर्षिल हेलीपैड पहुंचकर चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लिया था. जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद सेना, वायुसेना, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और आपदा प्रबंधन की संयुक्त टीमों से ट्रेकर्स की लोकेशन, मौसम की स्थिति और हवाई व पैदल बचाव अभियानों की विस्तृत जानकारी ली थी.
डीएम ने कहा कि विपरीत मौसम और दुर्गम परिस्थितियों के बावजूद रेस्क्यू टीमों द्वारा आपसी समन्वय से अभियान जारी है और ट्रेकर्स को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित रेस्क्यू किया जा रहा है. जिलाधिकारी ने हेलीपैड पर एम्बुलेंस, चिकित्सा दलों और राहत सामग्री की पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और रेस्क्यू होकर आ रहे ट्रेकर्स को तत्काल प्राथमिक उपचार, गर्म कपड़े और भोजन-पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे.


