दुर्गेश राजपूत, ​नर्मदापुरम। जिले के पिपरिया–पचमढ़ी मार्ग पर रविवार को देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। ग्राम डोकरीखेड़ा के पास एक मोड़ पर अज्ञात वाहन ने एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में बाइक पर सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

बाइक सवार पिपरिया से अपने गांव लौट रहे थे

पुलिस के अनुसार स्टेशन रोड थाने में पदस्थ उपनिरीक्षक जी.एस. ठाकुर ने बताया कि तीनों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर पिपरिया से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान डोकरीखेड़ा मोड़ के पास सामने से आ रहे किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया।

डोकरीखेड़ा निवासी विनोद ठाकुर घायल

शासकीय अस्पताल के डॉक्टर रवि मेघवानी ने बताया कि अस्पताल लाने पर डोकरीखेड़ा निवासी रामकुमार ठाकुर और डापका निवासी धनराज ठाकुर को मृत घोषित कर दिया गया। दोनों के सिर, पेट, जांघ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं। वहीं, इस हादसे में डोकरीखेड़ा निवासी विनोद ठाकुर गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसके सिर, कान, हाथ और घुटनों में चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए नर्मदापुरम जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

जी एस ठाकुर, उपनिरीक्षक

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m