कुमार इंदर, जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में गणेशोत्सव के दौरान दो अलग-अलग जगहों से दुखद और विवादित खबरें सामने आई हैं। एक ओर संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में खुले बिजली के तारों की चपेट में आने से एक 16 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई और दो अन्य झुलस गए। वहीं दूसरी ओर, एक अन्य गणेश पंडाल में अश्लील डांस का वीडियो वायरल होने के बाद हिंदू संगठनों ने थाने में जमकर हंगामा किया और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पंडाल परिसर में फैला करंट, शौर्य की मौत, दो साथी घायल

दरअसल घटना संजीवनी नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत जसूजा सिटी में गणेश पंडाल की है।मैदान में फैले खुले बिजली के तारों की चपेट में आने से 16 वर्षीय किशोर शौर्य चनपुरिया की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब शौर्य करंट की चपेट में आया, तो उसे बचाने के लिए उसके दो अन्य साथी आगे आए, लेकिन वे भी करंट की ग्रिफ्त में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।

ठेकेदार की बड़ी लापरवाही

स्थानीय रहवासियों ने बिजली व्यवस्था संभालने वाले ठेकेदार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। लोगों का कहना है कि पिछले दो दिनों से पंडाल की लाइट व्यवस्था से लगातार चिंगारी निकल रही थी और इसकी शिकायत ठेकेदार से भी की गई थी, लेकिन उसने कोई ध्यान नहीं दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की बात कही है।

गणेश पंडाल में अश्लील डांस का वीडियो वायरल

दूसरी घटना में जबलपुर के एक गणेश पंडाल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पंडाल के भीतर फिल्मी और आपत्तिजनक गानों पर अश्लील डांस किया जा रहा है। इस वीडियो के सामने आते ही धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची और हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश फैल गया। घटना के विरोध में ‘हिंदू धर्म सेना’ के कार्यकर्ताओं ने थाने पहुंचकर जोरदार हंगामा किया। संगठन ने आरोपी शुभम बैगी के खिलाफ नामजद एफआईआर (FIR) दर्ज करने की मांग की है।

उग्र आंदोलन की चेतावनी

हिंदू संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस ने जल्द से जल्द सख्त कदम नहीं उठाया, तो वे सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेंगे। पुलिस अधिकारियों ने गौर चौकी प्रभारी को मामले की जांच के आदेश दिए हैं और सत्यता के आधार पर वैधानिक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m