पाकिस्तान की मुत्ताहिदा कौमी मूवमेंट (MQM) के संस्थापक अल्ताफ हुसैन की सुरक्षा को लेकर बड़ा दावा सामने आया है। MQM के मुताबिक, उत्तर लंदन स्थित उनके घर में दो नकाबपोश लोगों ने जबरन घुसने की कोशिश की। पार्टी ने CCTV फुटेज साझा करते हुए इसे अल्ताफ हुसैन की हत्या की कोशिश बताया है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। बता दें कि, हाल ही आई फिल्म धुरंधर में राकेश बेदी ने जिस जमील जमाली का किरदार निभाया था वो अल्ताफ हुसैन से ही प्रेरित था। मूवी में दिखाया गया कि, जमील जमाली भारत की मदद करता है।

CCTV में क्या दिखा?

MQM द्वारा जारी बताए जा रहे CCTV फुटेज के अनुसार, दो नकाबपोश लोग कथित तौर पर घर के मुख्य गेट को पार कर अंदर पहुंचे और संपत्ति में प्रवेश करने की कोशिश की। रिपोर्टों के मुताबिक, इस दौरान मुख्य दरवाजे और एक खिड़की को नुकसान पहुंचा। MQM का कहना है कि हमलावर प्रशिक्षित नजर आ रहे थे।

मुस्तफा अजीजाबादी का बड़ा दावा

MQM नेता मुस्तफा अजीजाबादी ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि यह घटना महज चोरी या घुसपैठ नहीं, बल्कि अल्ताफ हुसैन को निशाना बनाने की संभावित कोशिश हो सकती है। उन्होंने ब्रिटिश सरकार से मामले को गंभीरता से लेने और अल्ताफ हुसैन को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की। MQM के अनुसार, घटना के समय अल्ताफ हुसैन घर में मौजूद थे, लेकिन उन्हें कोई नुकसान नहीं हुआ। पार्टी ने इसे उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर चेतावनी बताया है।

कौन हैं अल्ताफ हुसैन?

अल्ताफ हुसैन ने 11 जून 1978 को APMSO की स्थापना की थी। यही संगठन आगे चलकर 1984 में मोहाजिर कौमी मूवमेंट (MQM) का आधार बना। 1988 के चुनावों में MQM ने शहरी सिंध में महत्वपूर्ण राजनीतिक प्रभाव स्थापित किया।

1991 में पाकिस्तान छोड़कर लंदन जाने के बाद भी हुसैन लंबे समय तक MQM की राजनीति में प्रभावशाली रहे। MQM से जुड़े हिंसा और आपराधिक गतिविधियों के आरोपों को लेकर उनका राजनीतिक जीवन लंबे समय से विवादों में रहा है, जबकि हुसैन और उनके समर्थक विभिन्न आरोपों से इनकार करते रहे हैं। फिलहाल लंदन में कथित घुसपैठ की घटना की जांच और हमलावरों की पहचान को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m