० सिमडेगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, झारखंड और छत्तीसगढ़ में हुई पांच चोरी की वारदातों का खुलासा
सिमडेगा। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत सिमडेगा पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में की गई छापेमारी के दौरान दोनों आरोपियों को दबोचा गया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर करीब 30 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, चोरी में इस्तेमाल की गई बाइक और अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोटरे ने बताया कि हरिजन टोली निवासी राहुल कुमार सिंह के घर हुई चोरी की जांच के दौरान तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर गिरोह तक पहुंचा गया। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक रणवीर सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने जशपुर में कार्रवाई कर अनिकेत टोप्पो और सैफ अली को गिरफ्तार किया।
चोरी किया गया राशन भी बरामद
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने सिमडेगा जिले में हुई कई चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उन्होंने सलडेगा बरपानी स्थित राशन दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात भी कबूल की, जिसके बाद पुलिस ने चोरी किया गया राशन भी बरामद कर लिया।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी झारखंड के गुमला और छत्तीसगढ़ के कुनकुरी व फरसाबहार क्षेत्रों में हुई चोरी की वारदातों में भी शामिल रहे हैं। दोनों के खिलाफ छत्तीसगढ़ के विभिन्न थानों में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पांच चोरी की घटनाओं का हुआ खुलासा
पुलिस ने इस कार्रवाई के साथ कुल पांच चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा किया है। वहीं गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


