कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर में एक ही दिन में आत्महत्या की दो बड़ी घटनाओं से सनसनी फैल गई। दोनों मामलों में नवविवाहित महिलाओं ने फांसी लगाकर जान दे दी। पहली घटना में मोबाइल रिचार्ज नहीं कराने की बात सामने आई है, जबकि दूसरी घटना के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

मोबाइल रिचार्ज को लेकर नवविवाहिता ने दी जान

ग्वालियर के मुरार थाना क्षेत्र स्थित घोसीपुरा इलाके में 23 वर्षीय नवविवाहिता सोनम ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि सोनम की शादी 11 फरवरी 2026 को संतोष नामक युवक से हुई थी। परिजनों के मुताबिक सोनम अपने पति से मोबाइल रिचार्ज कराने की बात को लेकर नाराज थी। इसी बात से आहत होकर उसने घर में फांसी लगा ली। घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया। सूचना मिलते ही मुरार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

दूसरी नवविवाहिता ने मायके में लगाई फांसी

दूसरी घटना गेरू बंगला बारादरी चौराहा इलाके की है। यहां 24 वर्षीय ज्योति उर्फ मेघा ने अपने मायके में बाथरूम के अंदर फांसी लगाकर जान दे दी। जानकारी के अनुसार ज्योति की शादी 25 अप्रैल 2026 को सिद्धार्थ नामक युवक से हुई थी। घटना के समय वह मायके आई हुई थी। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ा, जहां वह फंदे पर लटकी मिली। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस जांच में जुटी

दोनों ही मामलों में , मुरार पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि दोनों महिलाओं ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया। ग्वालियर में एक ही दिन में दो नवविवाहिताओं की आत्महत्या की घटनाओं ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस दोनों मामलों की हर एंगल से जांच में जुटी है। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m