Bihar Crime: भागलपुर जिले के परबत्ता थाना क्षेत्र के बोड़वा गांव में होली के दौरान छेड़छाड़ के विवाद में दो युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के अंदर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक खगड़िया जिले के पसराहा थाना क्षेत्र के कोलवार भौरकाट गांव के रहने वाले गुलशन कुमार अपनी पत्नी किरण देवी के साथ 3 मार्च को ससुराल इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर चंडीस्थान आए थे। अगले दिन 4 मार्च को उनके दोस्त नीरज कुमार और आदेश कुमार बाइक से उनके ससुराल पहुंचे।

होली खेलने के बाद तीनों दोस्त परबत्ता थाना क्षेत्र के बोड़वा गांव स्थित गुलशन के मौसिया ससुराल देवन मंडल के घर चले गए। वहीं खाना-पीना चल रहा था। बताया जा रहा है कि गुलशन के दोस्त आदेश कुमार का देवन मंडल की बेटी से पहले से प्रेम प्रसंग था।

आरोप है कि आदेश को लड़की के साथ कमरे में देखकर उसके भाई नीतीश कुमार और मिथिलेश कुमार गुस्से में आ गए। इसके बाद दोनों भाइयों और अन्य लोगों ने आदेश कुमार को गोली मार दी। आदेश को तीन गोलियां लगीं, लेकिन वह किसी तरह वहां से भागकर तेतरी जीरोमाइल पहुंचा और घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल आदेश को इलाज के लिए भागलपुर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।

घायल युवक के बयान के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को विक्रमशिला सेतु पहुंच पथ के पास कलबलिया धार के किनारे केला बागान से गुलशन कुमार और नीरज कुमार का शव बरामद हुआ। दोनों को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल भेज दिया।

घटना को लेकर एसपी प्रेरणा कुमार ने बताया कि, शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में देवन मंडल, उनकी पत्नी संजो देवी, उनके बेटे नीतीश कुमार, अखिलेश कुमार उर्फ रूबल और गोपालपुर थाना क्षेत्र के विजय मंडल को गिरफ्तार किया है। एसपी के मुताबिक आरोपियों ने तीनों युवकों को कलबलिया धार के पास ले जाकर गोली मारी थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें- 18 महीने बाद सऊदी से लौटा था पति, कुछ घंटों बाद पुलिया के नीचे मिली लाश, 2 महीने की गर्भवती निकली पत्नी ने खोला हत्या का राज