गरियाबंद. अधिवार्षिकी आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए स्वास्थ्य विभाग के दो वरिष्ठ कर्मचारियों को मंगलवार को गरिमामय समारोह में भावभीनी विदाई दी गई. कलेक्टर रणबीर शर्मा ने संयुक्त जिला कार्यालय में आयोजित संक्षिप्त कार्यक्रम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोपरा में एनएमए के पद पर रहे दौवा राम चक्रधारी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फिंगेश्वर में सेक्टर पर्यवेक्षक के पद पर कार्यरत रहे लेखराम वर्मा को पेंशन आदेश, शाल और श्रीफल भेंट कर उनके सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना की. इस अवसर पर राज्य शासन के निर्देशानुसार दोनों कर्मचारियों को उनके विभिन्न स्वत्वों की स्वीकृति संबंधी पत्रों की प्रतियां भी सौंपी गईं. इस मौके पर जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे, ऋषा ठाकुर, खंड चिकित्सा अधिकारी विकासखंड फिंगेश्वर डॉ स्नेहलता हुमने, जिला कार्यक्रम प्रबंधक गणपत नायक,खंड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारी योगेश पराना सहित सेवानिवृत्त कर्मी दौवा राम चक्रधारी की धर्मपत्नी सरोज चक्रधारी भी मौजूद रहें.

इस अवसर पर कलेक्टर रणबीर शर्मा ने कहा कि शासकीय सेवा से सेवानिवृत्ति प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी के जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है. निर्धारित आयु पूर्ण होने पर प्रत्येक शासकीय सेवक को सेवानिवृत्त होना होता है. अपने सेवाकाल के दौरान सभी अधिकारी-कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए समाज और शासन की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं.

उन्होंने दोनों कर्मचारियों की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि दौवा राम चक्रधारी ने विशेष रूप से कुष्ठ रोग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और कुष्ठ मिशन के माध्यम से लोगों को जागरूक करने में उल्लेखनीय योगदान दिया है. उन्होंने 37 वर्षों से अधिक समय तक इस क्षेत्र में अपनी सेवाएं प्रदान की हैं. उनका समर्पण, अनुभव और सेवाभाव आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायी और अनुकरणीय है.

कार्यक्रम में दोनों कर्मचारियों के सेवाकाल के योगदान को याद करते हुए उनके स्वस्थ, सुखमय और मंगलमय भविष्य की कामना की गई. कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सेवाकाल के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका अनुभव और सेवाभाव विभाग के लिए सदैव प्रेरणादायी रहेगा. सभी ने उनके स्वस्थ, दीर्घायु, सुखमय और सम्मानपूर्ण सेवानिवृत्त जीवन की कामना की.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H