हेमंत शर्मा, इंदौर। देश के सबसे साफ शहर इंदौर में एक बार फिर दर्दनाक हादसा हो गया। चोइथराम मंडी गेट पर सीवर की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से दो कर्मचारियों की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। दोनों कर्मचारियों को जब तक बाहर निकाला गया तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान करण और अजय के रूप में हुई है।
घटना शाम करीब 6:30 बजे की बताई जा रही है, जब नगर निगम के सफाई कर्मचारी सक्शन टैंकर लेकर चोइथराम मंडी गेट पर सीवर लाइन की सफाई के लिए पहुंचे थे। सफाई के दौरान सक्शन टैंकर का पाइप निकालते समय उसका एक टुकड़ा सीवर टैंक में गिर गया। बताया जा रहा है कि उसी टुकड़े को निकालने के लिए नगर निगम का कर्मचारी करण टैंक के अंदर उतरा था।
टैंक में मौजूद जहरीली गैस के कारण उसका दम घुटने लगा और वह बेहोश हो गया, करण को बचाने के लिए अजय नामक दूसरा कर्मचारी भी टैंक में उतरा। लेकिन वह भी जहरीली गैस की चपेट में आ गया ओर दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
इस दौरान एक अन्य सफाई कर्मचारी और एक स्थानीय नागरिक भी उन्हें बचाने के लिए टैंक में उतरे थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। सवाल यह उठ रहा है कि आखिर बिना सेफ्टी उपकरण और गैस जांच के कर्मचारियों को टैंक में क्यों उतारा गया। इस घटना के बाद दो परिवारों में मातम पसरा है और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग उठने लगी है।

