प्रशांत सिंह, जांजगीर चांपा। जिले में शराब पीकर स्कूल पहुंचने वाले दो शिक्षकों पर शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने पामगढ़ और बलौदा ब्लॉक के दो शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों मामलों में शराब के नशे में स्कूल पहुंचने की शिकायत सामने आई थी।

शिक्षिका से बदसलूकी का वीडियो हुआ था वायरल

पहला मामला पामगढ़ ब्लॉक के भुईगांव भांठापारा का है। यहां प्रधानपाठक योगेश्वर सिंह कंवर पर शराब के नशे में स्कूल पहुंचने और शिक्षिका के साथ बदसलूकी करने का आरोप है। घटना का वीडियो गांव के एक जनप्रतिनिधि ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया था। मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने संज्ञान लिया और कलेक्टर के निर्देश पर प्रधानपाठक को निलंबित कर दिया।

शराब के नशे में टेबल के नीचे मिला शिक्षक

दूसरा मामला बलौदा ब्लॉक के नवीन प्राथमिक शाला परसदा का है। यहां पदस्थ सहायक शिक्षक ललित राम भारद्वाज पर स्कूल में शराब के नशे में पहुंचने का आरोप है। बताया गया कि शिक्षक स्कूल में टेबल के नीचे बैठा मिला। मामले की जानकारी सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने कार्रवाई करते हुए ललित राम भारद्वाज को निलंबित कर दिया। शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई के बाद स्कूलों में अनुशासन और शिक्षकों की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। विभाग ने दोनों मामलों में निलंबन की कार्रवाई कलेक्टर के निर्देश पर की है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H