हेमंत शर्मा, इंदौर। शहर में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने 30.02 ग्राम एमडी ड्रग्स (MD Drugs) के साथ दो अंतर-जिला तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई जा रही है।
आरोपी सरफराज उर्फ शब्बु और अमन उर्फ सलमान
दरअसल क्राइम ब्रांच को गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि स्कीम नंबर 134 स्थित फरीदाबाग कब्रिस्तान के पास पानी की टंकी के नजदीक दो संदिग्ध युवक नशीले पदार्थ की बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। टीम मौके पर पहुंची तो दोनों युवक पुलिस को देखकर घबराने लगे। घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम सरफराज उर्फ शब्बु और अमन उर्फ सलमान निवासी देवास बताए।
जब्त माल की कुल कीमत करीब 4 लाख
स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तलाशी लेने पर सरफराज के पास से 15.10 ग्राम और अमन के पास से 14.92 ग्राम एमडी ड्रग्स (MD Drugs) बरामद हुई। पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त माल की कुल कीमत करीब 4 लाख रुपये आंकी गई है। क्राइम ब्रांच ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों को यह ड्रग्स कहां से मिली और इंदौर में उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं।

