अनमोल मिश्रा, सतना। सतना के कोलगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत सतना-मैहर बाईपास में शनिवार को हुए सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बाईपास के उतैली मोड के पास सतना से मैहर जा रही अभय ट्रेवल्स की बस क्रमांक MP 19 P 0685 की सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरजस्त थी कि बाइक में सवार विनय यादव पिता लक्खू यादव 24 वर्ष एवं वंदना यादव पति विकास 30 वर्ष उछलकर दूर गिर गए जबकि बाइक चला रहे विवेक यादव पिता रक्कू 25 वर्ष को बस रौंदते हुए आगे निकल गई।
हादसे के बाद चालक मौके पर ही बस छोड़कर फरार हो गया। बस में बैठे यात्री उतर कर चले गए। आसपास मौजूद लोग घटनास्थल पहुंचे और डॉयल 112 को सूचना दी। गंभीर हालत में विवेक और विनय को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर ने देखते ही विवेक को मृत घोषित कर दिया। जबकि विनय की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में वंदना को मामूली चोटें आई है।
बताया जा रहा है कि बाइक सवार तीनों लोग चकदही के यादव परिवार के सदस्य है। मृतक अपनी भाभी वंदना को डॉक्टर को दिखाने गांव से सतना आ रहा था तभी बाईपास में हादसा हो गया। पुलिस ने बस जब्त कर ली है और आरोपी चालक की तलाश कर रही है।

