Lifestyle Desk – चाय, पकोड़े और हल्की-हल्की फुहारें… मानसून का मौसम भले ही काफी सुहाना लगता हो, लेकिन इस दौरान बालों की देखभाल करना भी एक बड़ा टास्क होता है। बारिश के मौसम में हवा में नमी बढ़ जाती है, जिससे बाल रूखे, बेजान और चिपचिपे नजर आने लगते हैं। ऐसे में बालों को मैनेज करना और भी मुश्किल हो जाता है।

अक्सर ऑफिस या कॉलेज जाने की जल्दी में लोग गीले बालों को ही रबर बैंड से कसकर बांध लेते हैं या क्लिप लगा लेते हैं। देखने में यह तरीका भले ही आसान और समय बचाने वाला लगे, लेकिन गीले बालों के लिए यह आदत नुकसानदायक हो सकती है। बालों को स्वस्थ और मजबूत बनाए रखने के लिए यह समझना जरूरी है कि गीले बाल बांधने से आखिर क्या परेशानी हो सकती है।
गीले बाल क्यों होते हैं ज्यादा कमजोर?
बाल गीले होने पर अपनी सामान्य स्थिति की तुलना में अधिक नाजुक होते हैं। पानी लगने के बाद बालों की बाहरी परत यानी क्यूटिकल थोड़ी उठ जाती है। ऐसे में बालों को खींचने, कसकर बांधने या जोर से कंघी करने पर उनके टूटने की आशंका बढ़ सकती है।
अगर गीले बालों को लंबे समय तक रबर बैंड या क्लिप से बांधकर रखा जाए, तो बालों पर लगातार खिंचाव पड़ता है। खासकर अगर रबर बैंड बहुत टाइट हो, तो इससे बालों के टूटने की समस्या बढ़ सकती है। बार-बार ऐसा करने से बालों की लंबाई के साथ-साथ हेयरलाइन पर भी असर पड़ सकता है।
मानसून में बढ़ जाती है परेशानी
बारिश के मौसम में नमी के कारण बाल लंबे समय तक पूरी तरह सूख नहीं पाते। गीले बालों को बांधकर रखने से स्कैल्प में नमी और पसीना लंबे समय तक बना रह सकता है। इससे स्कैल्प पर खुजली, असहजता और बदबू जैसी समस्याएं परेशान कर सकती हैं। जिन लोगों की स्कैल्प पहले से ऑयली रहती है, उनके लिए यह समस्या और ज्यादा महसूस हो सकती है।
इसके अलावा, नमी की वजह से बालों में फ्रिजीनेस बढ़ सकती है। ऐसे में बालों को संभालने के लिए बार-बार कसकर बांधना समस्या को और बढ़ा सकता है।
बालों को टूटने से कैसे बचाएं?
- मानसून में सबसे जरूरी है कि बालों को बांधने से पहले उन्हें अच्छी तरह सूखने दें। अगर समय कम है तो तौलिए से बालों को हल्के हाथों से सुखाएं और जरूरत पड़ने पर ठंडी या कम गर्म हवा वाले हेयर ड्रायर का इस्तेमाल किया जा सकता है।
- गीले बालों में तुरंत कंघी करने से भी बचें। अगर बाल सुलझाना जरूरी हो तो चौड़े दांतों वाली कंघी का इस्तेमाल करें और बालों को नीचे से धीरे-धीरे सुलझाएं।
- बाल बांधने के लिए बहुत टाइट रबर बैंड की जगह मुलायम और ढीले हेयर टाई या स्क्रंची का इस्तेमाल बेहतर विकल्प हो सकता है।
- बालों को लगातार एक ही जगह से कसकर बांधने के बजाय हेयरस्टाइल बदलते रहना भी फायदेमंद हो सकता है।
- साथ ही, मानसून में स्कैल्प को साफ रखना बेहद जरूरी है। पसीना और गंदगी ज्यादा जमा हो तो जरूरत के अनुसार माइल्ड शैंपू से बाल धोएं और कंडीशनर को मुख्य रूप से बालों की लंबाई और सिरों पर लगाएं।
- ध्यान रखें, मानसून में बालों का टूटना कुछ हद तक सामान्य हो सकता है, लेकिन अगर बाल असामान्य रूप से ज्यादा झड़ रहे हों, स्कैल्प में लगातार खुजली या घाव हो रहा हो, तो विशेषज्ञ से सलाह लेना बेहतर है।



