Business Desk – अगर आप EPF अकाउंट इस्तेमाल करते हैं, तो यह अपडेट आपके काम का है. कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) से जुड़ी प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया है. अब EPFO की आधिकारिक वेबसाइट पर UAN एक्टिवेशन और नया UAN जनरेट करने की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी. इन दोनों सेवाओं को UMANG (उमंग) ऐप पर शिफ्ट कर दिया गया है.

इसके साथ ही सुरक्षा बढ़ाने के लिए आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन (Face Authentication) भी अनिवार्य कर दिया गया है. EPFO का कहना है कि डेटाबेस कंसॉलिडेशन और सॉफ्टवेयर अपग्रेड के बाद ऑनलाइन सेवाओं को अधिक सुरक्षित और तेज बनाने के लिए यह फैसला लिया गया है.

UMANG ऐप से ऐसे करें UAN एक्टिवेट

UAN एक्टिवेट करने के लिए सबसे पहले UMANG ऐप डाउनलोड कर लॉग इन करें. इसके बाद ‘UAN Services Through Face Auth’ विकल्प चुनें और ‘UAN Allotment and Activation’ पर क्लिक करें. यहां अपना UAN नंबर, आधार नंबर और आधार से लिंक मोबाइल नंबर दर्ज करें.

कंसेंट बॉक्स पर टिक करने के बाद ‘Send OTP’ पर क्लिक करें. OTP वेरिफाई होने के बाद फेस ऑथेंटिकेशन की प्रक्रिया पूरी करें. सभी जानकारी सही होने पर आपका UAN एक्टिवेट हो जाएगा.

कैसे चेक करें UAN पहले से एक्टिव है या नहीं?

अगर आपको यह पता करना है कि आपका UAN पहले से एक्टिव है या नहीं, तो UMANG ऐप में ‘UAN Services Through Face Auth’ के तहत ‘UAN Allotment and Activation’ विकल्प पर जाएं. यहां UAN, आधार नंबर और मोबाइल नंबर दर्ज करने के बाद OTP वेरिफाई करें. यदि आपका UAN पहले से एक्टिव होगा, तो स्क्रीन पर ‘The UAN entered is already activated’ का मैसेज दिखाई देगा.

इस साल भी EPF पर मिलेगा 8.25% ब्याज

EPF खाताधारकों के लिए एक और अच्छी खबर है. वित्त मंत्रालय ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए EPF जमा राशि पर 8.25% ब्याज दर को मंजूरी दे दी है. लगातार तीसरे साल कर्मचारियों को इसी दर से ब्याज मिलेगा. यह ब्याज सीधे EPF खाते में जमा किया जाएगा.

PF से कितना पैसा निकाल सकते हैं?

EPFO के नियमों के अनुसार, नौकरी के दौरान पार्शियल विड्रॉल करने पर खाते में कम से कम 25% बैलेंस बनाए रखना जरूरी है. यानी आप अपने कुल EPF बैलेंस का अधिकतम 75% तक ही निकाल सकते हैं. फुल सेटलमेंट की सुविधा केवल नौकरी छोड़ने या EPFO के नियमों में तय विशेष परिस्थितियों में ही मिलती है.

उदाहरण के तौर पर, यदि आपके EPF खाते में कर्मचारी और कंपनी के योगदान सहित 2 लाख रुपए जमा हैं, तो आप पार्शियल विड्रॉल के तहत अधिकतम 1.50 लाख रुपए निकाल सकते हैं. बाकी 50 हजार रुपए खाते में बने रहेंगे.