प्रदीप मालवीय, उज्जैन। गुजरात के चर्चित और भयावह अहमदाबाद सीरियल बम ब्लास्ट मामले में फांसी की सजा पाए दोषी शफीक को 8 दिनों की विशेष पैरोल पर मध्य प्रदेश के उज्जैन लाया गया है। गुजरात पुलिस की एक विशेष टीम कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उसे उज्जैन लेकर पहुंची है। शफीक की सुरक्षा और उस पर पल-पल की निगरानी रखने की मुख्य जिम्मेदारी गुजरात पुलिस के जवानों की टीम संभाल रही है।

स्थानीय पुलिस भी अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर सख्त पहरा 

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उज्जैन की स्थानीय पुलिस भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। थाना प्रभारी विवेक कनोडिया ने जानकारी देते हुए बताया कि शफीक को गुजरात हाईकोर्ट द्वारा अहमदाबाद सीरियल ब्लास्ट केस में फांसी की सजा सुनाई जा चुकी है। पैरोल की अवधि के दौरान क्षेत्र में किसी भी तरह की अप्रिय गतिविधि या सुरक्षा में चूक न हो, इसके लिए स्थानीय पुलिस बल द्वारा भी लगातार सख्त निगरानी रखी जा रही है। पुलिस के अनुसार, गुजरात पुलिस की सशस्त्र गार्ड के अलावा स्थानीय थाने और पुलिस लाइन से पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। शफीक की हर गतिविधि और उससे मिलने आने वाले लोगों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

सुप्रीम कोर्ट में पैरवी और फंड जुटाने के लिए मिली पैरोल 

पुलिस पूछताछ के दौरान दोषी शफीक ने बताया कि उसे अपनी फांसी की सजा के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में पैरवी करने से संबंधित फंड (आर्थिक संसाधन) जुटाने और इसके लिए परिचितों व लोगों से संपर्क साधने के उद्देश्य से गुजरात हाईकोर्ट से यह आठ दिनों की पैरोल मिली है। 8 दिन की पैरोल की अवधि पूरी होते ही गुजरात पुलिस की टीम उसे वापस अहमदाबाद जेल लेकर रवाना हो जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m